जिलाधिकारी की मंजूरी के बाद बेलीपार पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
विज्ञापन
गोरखपुर। बेलीपार पुलिस ने हत्या समेत कई गंभीर आपराधिक मामलों में आरोपित तीन लोगों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की है। जिलाधिकारी की मंजूरी मिलने के बाद पुलिस ने गैंग चार्ट तैयार कर तीनों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट में प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस के अनुसार, भौवापार निवासी ऋषभ सिंह उर्फ अंचल सिंह गिरोह का सरगना है। इसी गांव के बलवंत सिंह उर्फ टार्जन उर्फ राहुल सिंह और कुन्दन सिंह गिरोह के सदस्य हैं। आरोप है कि तीनों संगठित होकर हत्या जैसे गंभीर अपराधों को अंजाम देते हैं। इनके भय और आतंक के चलते क्षेत्र के लोगों में दहशत बनी रहती है। पुलिस के मुताबिक, गिरोह के सरगना ऋषभ सिंह के खिलाफ बेलीपार और खजनी थानों में कुल आठ मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या, मारपीट, धमकी और एससी-एसटी एक्ट से संबंधित मामले शामिल हैं। वहीं, बलवंत सिंह और कुन्दन सिंह के खिलाफ भी बेलीपार थाने में हत्या, मारपीट और पुलिसकर्मियों से अभद्रता के मामले दर्ज हैं। पुलिस ने तीनों के आपराधिक रिकॉर्ड के आधार पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की है।