कोरोना वायरस से बचाव को लेकर श्रमिकों के जीविकोपार्जन के लिए श्रम विभाग की ओर से एक हजार रुपये की धनराशि श्रमिकों के खाते में भेजी जाएगी। सरकार की इस घोषणा से जिले के एक लाख 75 हजार श्रमिक लाभान्वित होंगे।
कोरोना वायरस से बचाव को लेकर प्रदेश सरकार की ओर से आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। सरकार ने दैनिक श्रमिकों की समस्याओं को देखते हुए उनके खाते में प्रतिमाह एक हजार रुपये भेजने का निर्णय लिया है। साथ ही श्रम विभाग शहरी क्षेत्र के उन दिहाड़ी मजदूरों का राशन कार्ड प्राथमिकता के आधार पर बनाएगा, जिनके पास नहीं था।
कर्मचारियों को अवकाश के साथ मिले भुगतान
कोरोना वायरस से बचाव को लेकर श्रम विभाग ने बंद चल रहे शैक्षणिक संस्थानों, मॉल, मल्टीप्लैक्स, जिम, रेस्टोरेंट स्वामियों से उनके यहां काम करने वाले कर्मचारियों को भुगतान के साथ अवकाश देने का निर्देश दिया है।