गोरखपुर। मंडलायुक्त जयंत नार्लिकर ने आयुक्त सभागार और डीएम के. विजयेंद्र पांडियन ने कलेक्ट्रेट सभागार में कोरोना वायरस को रोकने के इंतजाम पर शनिवार को चर्चा की। मंडलायुक्त ने कहा कि सरकार की ओर से चलाए जा रहे विशेष सर्विलांस अभियान के तहत सभी के डाटा इकट्ठा किए जाएं। इस अभियान में टीमें घर-घर जाकर कोविड-19 के मरीजों का डाटा इकट्ठा करें। जहां खतरा ज्यादा हो वहां कैंप लगाकर लोगों के नमूने लिए जाएं जिससे संक्रमण को रोका जा सके।
कहा कि पांच से 15 जुलाई तक अभियान में टीमें घर-घर अनिवार्य रूप से जाकर लोगों की बीमारियों एवं कोविड-19 संक्रमित लोगों का डाटा तैयार करें। कंटोनमेंट जोन में और नॉन कंटोनमेंट जोन में मरीजों की जांच की जाए। उन्होंने लोगों से अपील की है कि विशेष सर्विलांस अभियान के दौरान घर-घर जाने वाली टीमों को अपने और परिजनों की बीमारियों के बारे में पूरी और सही जानकारी दें। टीम का सहयोग करें जिससे कोविड-19 के संक्रमण को रोका जा सके।
डीएम के. विजयेंद्र पांडियन ने निर्देश दिया कि सर्वे के बाद शाम को बैठक कर यह तय हो कि किस स्थान पर ज्यादा खतरा है। वैसे स्थानों पर अगले दिन कैंप लगाकर सैंपलिंग की जाए। कहा कि प्रत्येक पांच टीमों पर एक सुपरवाइजर अनिवार्य रूप से रहते हुए मॉनिटरिंग करें। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस मौके पर अपर आयुक्त प्रशासन अजयकांत सैनी, संयुक्त विकास आयुक्त उग्रसेन पांडेय, सीएमओ डॉ. श्रीकांत तिवारी आदि मौजूद रहे।