उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में पिछले 11 माह में जिला पुलिस ने मास्क नहीं लगाने, दो गज की दूरी का पालन नहीं करने, नाइट कर्फ्यू का उल्लंघन करने और सड़क पर थूकने की वजह से एक लाख नौ हजार सत्रह (109017) लोगों से एक करोड़ 23 लाख 62 हजार 850 (12362850) रुपये का जुर्माना वसूला है। इसके बावजूद लोग कोरोना संक्रमण से बचने के नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं।
बता दें कि कोरोना संक्रमण फैलने से रोकने केल लिए सड़क पर निकलने वाले प्रत्येक व्यक्ति को मास्क लगाना अनिवार्य है, लेकिन काफी संख्या में लोग बिना मास्क लगाए सड़कों पर निकले और अब भी निकल रहे हैं।
कई लोग तो मास्क लगाए रहते हैं, लेकिन वह उनके गले में लटकता रहता है। उसी तरह जैसे पुलिस से बचने के लिए कई लोग हेलमेट लिए रहते हैं, लेकिन सिर पर लगाते नहीं है। कहीं पुलिस को देखा तो लगा लिया। मास्क का भी यह हाल अधिकतर लोगों ने कर रखा है। यह हाल तब है, जबकि कोरोना की दूसरी लहर में बड़ी संख्या में परिवार कोरोना महामारी से प्रभावित हुए हैं। महामारी में अपनों को खोने वाले और जुर्माना भरने वाले भी नियमों का उल्लंघन करने से बाज नहीं आ रहे हैं।
पुलिस विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 25 मार्च से अप्रैल 2021 तक पुलिस ने बिना मास्क लगाए सड़क पर घूम रहे 85783 लोगों का चालान कर 8743250 रुपये जुर्माना वसूला है।
केस एक
सार्वजनिक स्थान पर थूकने के मामले में 2872 लोगों का चालान कर 287200 रुपये जुर्माना वसूला है। सोशल डिस्टेंसिंग के उल्लंघन में 7930 लोगों का चालान 2014250 रुपये जुर्माना वसूला है, जबकि नाइट कर्फ्यू के उल्लंघन के मामले में 12432 लोगों का चालान कर 1318150 रुपये जुर्माना वसूला है।
गुलरिहा के आशीष साहनी को पुलिस ने चेकिंग के दौरान रविवार की रात में पकड़ा। नाइट कर्फ्यू का उल्लंघन के साथ ही चेहरे पर मॉस्क नहीं था। रुकते ही बोले साहब, मेरे फूफा कोरोना से मर गए थे। पुलिस ने इस पर भी मॉस्क न पहनने की वजह पूछी तो बोले कि गलती से छूट गया। पुलिस ने जुुर्माना काटा।
केस दो
तारामंडल रोड पर पुलिस ने चेकिंग के दौरान खजनी के राजीव को रोका। चेहरे पर मॉस्क नहीं था। पुलिस ने वजह पूछी तो खुद ही बोल पड़े, साहब आप सही कह रहे हैं मेरे रिश्तेदार की मौत हो चुकी है। इनका जवाब आश्चर्यजनक था, बताए कि पान की पीक थूकते समय मास्क नहीं हटा पाए और खराब हो गया जिस वजह से फेंक दिए।
लॉकडाउन उल्लंघन में भी हुई कार्रवाई
25 मार्च से अप्रैल 2021 तक लॉकडाउन के उल्लंघन में 15493 केस धारा 188 व 269 के तहत दर्ज हुए। इन मुकदमों में 22899 लोगों को पुलिस ने आरोपित बनाया और 21506 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गोरखपुर पुलिस ने 25 मार्च 2020 से लेकर अब तक 175445 वाहनों का चालान किया और 545 वाहनों को सीज कर दिया। इन वाहनों से 65459187 रुपये समन शुल्क के रूप में पुलिस द्वारा वसूल किया गया है।