बिना लक्षण वाले कोरोना मरीजों को होटल में रुकने की सुविधा दी जाएगी। इस संबंध में जिला प्रशासन ने वर्क प्लान बनाकर शासन के पास मंजूरी के लिए भेज दिया है। मंजूरी मिलते ही यह नई व्यवस्था लखनऊ के बाद गोरखपुर में भी शुरू हो जाएगी।
बिना लक्षण वाले कोरोना मरीजों को होटल में रहने का खर्च खुद वहन करना होगा। इसको लेकर कुछ होटल संचालकों से बात भी हो चुकी है। मरीजों को 500 रुपये से लेकर 2000 रुपये तक रोजाना के हिसाब से कमरे उपलब्ध कराए जाएंगे। इसमें नाश्ता और खाना भी शामिल होगा।
दरअसल बिना लक्षण वाले कई मरीजों ने स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन से अनुरोध किया था कि वे पूरी तरह से ठीक हैं ऐसे में उन्हें कहीं होटल या घर पर एकांत में रहने दिया जाए। इस पर जिला प्रशासन ने होटल में रुकवाने की मांग पर सहमति जताई और पूरा वर्क प्लान बनाकर शासन के पास मंजूरी के लिए भेज दिया।
डीएम के. विजयेंद्र पांडियन ने बताया कि ऐसे मरीज जो कोरोना संक्रमित तो निकल रहे हैं लेकिन उनके अंदर कोई खास लक्षण नहीं हैं, उनके लिए होटलों में रुकने की व्यवस्था की जा रही है। इसके लिए शासन से अनुमति मिलने का इंतजार है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ विभाग की टीम लगातार इन मरीजों की मॉनिटरिंग करती रहेगी।