दो दिन पूर्व दुबई से लौटे शख्स को मेडिकल कॉलेज के आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। वह बीमार है और इलाज के लिए शहर के एक निजी अस्पताल पहुंचा था। सूचना पर चिकित्सकों का दल उसे मेडिकल कॉलेज ले आया। प्रारंभिक जांच में उसमें कोरोना के लक्षण मिले हैं।
कोरोना वायरस को लेकर शासन स्तर से अलर्ट जारी है। जिले में अब तक विदेश से लौटने वाले 30 लोगों की पहचान हुई है। केंद्र की ओर से सीएमओ कार्यालय को मिली सूची में दो दिन पहले दुबई से लौटे दुबौलिया ब्लॉक के एक गांव के शख्स का भी नाम है। डॉ. सीएल कन्नौजिया के नेतृत्व में चिकित्सकों का दल शनिवार दोपहर उसके घर पहुंचा तो पता चला कि वह बीमार है और इलाज के शहर के एक निजी अस्पताल गया है।
सीएमओ के निर्देश पर चिकित्सकों का दल तत्काल निजी अस्पताल पहुंचा और उस शख्स को महर्षि वशिष्ठ मेडिकल कॉलेज ले आया। यहां प्राथमिक जांच के बाद उसे आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है। एसीएमओ डॉ. फख्रेयार ने बताया कि दो दिन पूर्व दुबई से लौटे शख्स के बारे में केंद्र सरकार से सूचना मिली थी। वह बीमार है। प्राथमिक जांच में उसमें कोरोना के लक्षण पाए गए हैं। उसे आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। व्यापक जांच की जा रही है।