गोरखपुर। प्रचंड गर्मी में बिजली कटौती का दंश आम लोगों को झेलना पड़ रहा है। इससे लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अघोषित व घोषित कटौती ने उपभोक्ताओं का जीना मुश्किल कर दिया है।
शाहपुर उपकेंद्र के असुरन फीडर से संबंधित क्षेत्र में बिजली कटौती की समस्या से लोग शुक्रवार को दोपहर में परेशान रहे। बताया जा रहा है कि अपराह्नन लगभग सवा तीन बजे से इस क्षेत्र में बिजली कट गई। इसके बाद लोग परेशान हो गए। उपभोक्ता बिजली आने की राह देखने लगे। शाम करीब छह बजे के आसपास बिजली बहाल हुई। इसके बाद भी परेशानी कम नहीं हुई। इस दौरान लो वोल्टेज की समस्या से लोग जूझते रहे, जिसे करीब एक घंटे में ठीक किया गया।
इसके अलावा राप्तीनगर ओल्ड उपकेंद्र की बिजली आपूर्ति एक घंटे के लिए अपराह्न 03:30 से 04:30 तक कटी रही। खोराबार क्षेत्र में भी बार-बार बिजली कटौती से लोगों को परेशानी हुई।