अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। हुमायूंपुर तिराहा से जगेश्वर पासी चौराहा होते हुए गोरखनाथ थाने तक ट्रेंचलेस विधि से सीवरलाइन बिछाने का काम शुरू हो गया। ट्रैफिक पुलिस ने डायवर्जन लागू कर दिया है, जिसके बाद जल निगम की टीम ने अंसारी रोड पर वजीराबाद मोड़ और बागवाली मस्जिद के पास करीब छह मीटर गड्ढा खोदकर काम शुरू कर दिया। डायवर्जन मार्ग पर मार्गदर्शक पट्टिकाएं भी लगा दी गई हैं।
सीवरलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त सड़कों की जीएसबी डालकर मरम्मत का काम भी समानांतर जारी है। शुक्रवार को अधिशासी अभियंता पंकज कुमार और स्थानीय पार्षद ऋषि मोहन वर्मा ने कार्यस्थल का निरीक्षण किया और श्रमिकों को आवश्यक निर्देश दिए। अधिकारियों ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए आश्वासन दिया कि कार्य तीन माह के भीतर पूरा कर लिया जाएगा।