गोरखपुर। गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने लच्छीपुर क्षेत्र में अपनी पहली बहुमंजिली आवासीय परियोजना ‘कुश्मी एन्क्लेव’ का निर्माण शुरू कर दिया है। परियोजना के तहत कुल 286 फ्लैट्स बनाए जाएंगे। इनकी कीमत 57 लाख से 1.06 करोड़ रुपये के बीच तय की गई है।
रविवार को निर्माण स्थल पर जीडीए की टीम मैट फाउंडेशन का काम देख रही थी। अभियंताओं ने बताया कि यह प्रक्रिया पूरी इमारत का भार एक बड़े कंक्रीट स्लैब पर फैलाती है, जिससे मिट्टी पर दबाव कम होता है और संरचना की मजबूती बढ़ती है। मुख्य अभियंता किशन सिंह समेत अन्य इंजीनियरों ने निर्माण एजेंसी मेसर्स जीत एसोसिएट्स को दिशा-निर्देश दिए। परियोजना पांच एकड़ में विकसित की जा रही है, जिसमें खुला क्षेत्र और हरित स्थल भी शामिल हैं। मिवान तकनीक का इस्तेमाल कर इमारत के ढांचे को मजबूती प्रदान की जाएगी। बड़ी पार्किंग में लगभग 397 कारों के लिए व्यवस्था होगी। प्राधिकरण ने फ्लैटों के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।