गोरखपुर। उत्तर प्रदेश पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा के पहले दिन सोमवार को जिले में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा के लिए बनाए गए 44 केंद्रों पर दोनों पालियों में कुल 38,928 अभ्यर्थियों को शामिल होना था, जिनमें से 28,237 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। 10,691 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा के दौरान जिले में कहीं से भी नकल या गड़बड़ी की कोई सूचना नहीं मिली। वहीं बस अड्डों और रेलवे स्टेशन पर अभ्यर्थियों की भारी भीड़ देखने को मिली।
परीक्षा को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरे दिन अलर्ट मोड में रहा। एसटीएफ, क्राइम ब्रांच और सर्विलांस टीम लगातार सक्रिय रही ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता या साल्वर गैंग की गतिविधि पर रोक लगाई जा सके। सभी परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन तलाशी ली गई और पहचान पत्र व प्रवेश पत्र के सत्यापन के बाद ही प्रवेश दिया गया। पहली पाली में 19,464 अभ्यर्थियों में से 14,037 उपस्थित रहे, जबकि 5,427 ने परीक्षा छोड़ दी। दूसरी पाली में भी 19,464 अभ्यर्थियों के सापेक्ष 14,200 अभ्यर्थी शामिल हुए और 5,264 अनुपस्थित रहे।
डीआईजी डाॅ. एस. चनप्पा, एसएसपी डाॅ. कौस्तुभ और एसपी सिटी निमिष पाटील दिनभर विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करते रहे। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और ड्यूटी पर तैनात कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए। एसएसपी डॉ. कौस्तुभ के अनुसार दोनों पालियों की परीक्षा समय से शुरू होकर शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई और पूरे जिले में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।