गोरखपुर जिले के सहजनवां थाना चौराहे पर शुक्रवार शाम 7: 00 बजे ट्रक की चपेट में आने से सिपाही चंद्रभान पांडेय (55) की मौत हो गई। चंद्रभान की तैनाती संतकबीर नगर जिले के दुधारा थाने में थी। वह गोरखपुर में सम्मन तामिला कराने जा रहे थे।
जानकारी के मुताबिक, कुशीनगर के कसया थाना क्षेत्र के बहोडरापुर निवासी चंद्रभान पांडे दुधारा थाने पर हेड कांस्टेबल के रूप में तैनात थे। करीब 7:00 बजे सहजनवां थाना चौराहे से कुछ ही दूरी पर उनकी बाइक अज्ञात ट्रक के चपेट में आ गई, जिससे चंद्रभान पांडे गंभीर रूप से घायल हो गए।
बेहोशी की हालत में आसपास के लोग इलाज के लिए सहजनवां सीएचसी पर ले गए, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिवार में पत्नी के अलावा तीन छोटे-छोटे बच्चे है। थानाध्यक्ष नितिन रघुनाथ श्रीवास्तव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों को सूचना दे दी गई है।