भारत-नेपाल सीमा से सटे नवलपरासी जिले के तनहु में एक पुल के उद्घाटन के दौरान विवाद होने पर नेपाली कांग्रेस और नेकपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने हालात को काबू में करने के लिए बल प्रयोग किया। पुलिस ने पूरे तनहु में निषेधाज्ञा लगाते हुए नेपाली कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रामचंद्र पौंडेल को हिरासत में ले लिया।
बुधवार दोपहर तनहु व्यास नगर पालिका में दो पुल के उद्घाटन के अवसर पर पहुंचे नेपाली कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रामचंद्र पौंडेल और तनहु कांग्रेस सभापति जीत प्रकाश आले का नेकपा कार्यकर्ताओं ने विरोध शुरू कर दिया। इस दौरान कांग्रेस और नेकपा कार्यकर्ताओं में झड़प शुरू हो गई।
मौके पर पहुंची नेपाल पुलिस ने बल प्रयोग कर हालात को काबू में करते हुए दोनों नेताओं को हिरासत में ले लिया। तनहू पुलिस ने तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पूरे जिले में निषेधाज्ञा लागू कर दिया है।