- मुख्यमंत्री से शिकायत कर कार्रवाई की मांग, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने का दावा
- पुलिस अभिरक्षा में थप्पड़ मारने और धमकी देने का आरोप
गगहा (गोरखपुर)। गगहा थाना क्षेत्र के युवक ने मुख्यमंत्री योगी को शिकायती पत्र भेजकर बांसगांव एसडीएम कोर्ट परिसर में अधिवक्ता पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। युवक का कहना है कि घटना पुलिस अभिरक्षा के दौरान हुई। मामले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने का भी दावा किया जा रहा है।
गगहा थाना क्षेत्र के ढरसी गांव निवासी अमरजीत के मुताबिक, बीते 29 जून को गांव के प्राथमिक विद्यालय के मैदान में क्रिकेट मैच खेलते समय पड़ोसी गांव पाजुपार के दो युवकों से विवाद हो गया था। आरोप है कि दोनों ने गाली-गलौज करते हुए डंडे और स्टंप से हमला कर दिया, जिससे वह और उनका साथी नीरज प्रसाद घायल हो गए। पीड़ित अमरजीत के अनुसार, मामले में गगहा पुलिस ने 13 जुलाई को दोनों पक्षों का शांतिभंग में चालान किया था। जमानत के लिए जब वह बांसगांव एसडीएम कोर्ट पहुंचे और पुलिस अभिरक्षा में कागजी कार्रवाई चल रही थी, तभी विपक्षी युवक के पिता, जो पेशे से अधिवक्ता हैं, वहां पहुंच गए।
अमरजीत का आरोप है कि अधिवक्ता ने पहले उसके साथ गाली-गलौज की, फिर पुलिस की मौजूदगी में उसे थप्पड़ मारा और जान से मारने की धमकी दी। सीओ बांसगांव अनुज कुमार सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।