शिकायत पत्र का माला पहना फरियादी।
- फोटो : अमर उजाला।
उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां विकास खंड खलीलाबाद के भगठान गांव में अनियमितता के आरोपों की जांच नहीं होने से फरियादी शिकायती पत्रों की माला पहल कर बुधवार को कलेक्ट्रेट पहुंच गया।
आरोप है कि डीएम के निर्देश के बाद भी जांच अधिकारी की ओर से अब तक जांच नहीं की गई। शिकायतकर्ता आरएल राही बंधुआ श्रमिक सतर्कता समिति का सदस्य भी है। शिकायकर्ता ने डीएम को शपथ पत्र के साथ शिकायती पत्र दिया। एक सप्ताह में जांच नहीं होने पर आमरण अनशन किए जाने की चेतावनी दी है।
शिकायतकर्ता आरएल राही ने आरोप लगाते हुए कहा कि भगठान में अनियमितता की जांच के लिए पूर्व में डीएम ने 31 जुलाई को जांच का निर्देश दिया था, लेकिन जांच अधिकारी कई बार नोटिस देकर जांच नहीं किया। पुन: जांच डीडीओ को मिली, लेकिन 14 दिसंबर को फिर जांच नहीं की गई।
मौखिक रूप से जांच अधिकारी ने बताया कि उनके पास जांच के लिए वक्त नहीं है, जांच किसी दूसरे अधिकारी से करा देंगे। उन्हें अब किसी अधिकारी से जांच की उम्मीद नहीं है। इसीलिए फिर डीएम को शपथ देकर जांच कराए जाने की मांग की। कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर जांच नहीं हुई तो आमरण अनशन करेंगे।
डीएम दिव्या मित्तल ने बताया कि प्रकरण की जांच कराई जाएगी। जांच नहीं हुई, इस बारे में भी संबंधितों से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा।