- एडी बेसिक, एडी पशुपालन तथा डीडी दिव्यांगजन नहीं पहुंचे थे टॉस्क फोर्स की बैठक में
- 10 करोड़ से ऊपर के विकास कार्यों, जेई-एईएस वेक्टर जनित रोग के नियत्रण व रोकथाम के लिए समीक्षा बैठक कर रहे थे कमिश्नर
गोरखपुर। कमिश्नर अनिल ढींगरा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मंडलीय जेई-एईएस एवं वेक्टर जनित रोग के नियंत्रण एवं रोकथाम के लिए टास्क फोर्स तथा विशेष संचारी रोग नियंत्रण व दस्तक अभियान के साथ समीक्षा बैठक की। इस बैठक में एडी बेसिक, एडी पशुपालन तथा डीडी दिव्यांगजन सशक्तिकरण के अनुपस्थित रहने पर नाराज कमिश्नर ने तीनों अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए अगले आदेश तक वेतन बाधित करने का निर्देश दिया।
कमिश्नर ने सीडीओ को निर्देशित करते हुए कहा कि जापानी इंसेफेलाइटिस/एक्यूट इंसेफेलाइटिस सिन्ड्रोम (जेई/एईएस) के उपचार व्यवस्था की निगरानी करें। इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता व लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष रूप से अति संवेदनशील क्षेत्रों, परिषदीय व माध्यमिक विद्यालयों के परिसरों व अन्य स्थानों पर शुद्ध पेयजल व साफ सफाई तथा झाड़ियां की कटाई की व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए स्थलीय निरीक्षण अवश्य करें। ईटीसी, मिनी पीकू तथा पीकू का संचालन सुचारू ढंग से हो रहा है नहीं इसकी समीक्षा एवं निरीक्षण समय-समय पर करते रहें।
उन्होंने मत्स्य विभाग को निर्देश दिया कि चिन्हित तालाबों में गम्बूसिया मछली छोड़ने की व्यवस्था करें। इस बैठक में गोरखपुर के अलावा देवरिया, कुशीनगर, महाराजगंज के सीडीओ व संबंधित विभागों के अधिकारी जुड़े रहे।
निर्माण व सड़कों के चौड़ीकरण में आने वाली बाधाओं को हटवाएं
गोरखपुर। कमिश्नर अनिल ढींगरा जिले में चल रहे सड़कों के चौड़ीकरण व अन्य निर्माण कार्यों में आने वाली बाधाओं को संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर यथाशीघ्र निस्तारण करने का निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की प्रगति में कमी न आने दें और कार्यों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध ढंग से पूर्ण किया जाए।
बुधवार को आयुक्त सभागार में जिले में संचालित 10 करोड़ रुपये से अधिक लागत की परियोजनाओं के संबंध में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान कमिश्नर ने सुदंरीकरण व नवनिर्माण कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने लोक निर्माण विभाग, सेतु निगम निर्माण कार्य में तेजी लाते हुए समय सीमा के अंदर पूर्ण करने की बात कही। लिंक एक्सप्रेस वे की समीक्षा के दौरान कार्यदायी संस्था यूपीडा ने बताया कि कार्यों की प्रगति तेजी से चल रही है।
बैठक में एनएच लोनिवि, एनएचएआई, यूपी राजकीय निर्माण निगम, सीएनडीएस, लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड, जल निगम तथा अन्य संबंधित विभागों की बिंदुवार निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई। इस अवसर पर डीएफओ विकास यादव, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) पुरुषोत्तम दास गुप्ता, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट (सदर) मृणाली अविनाश जोशी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहें।
अवस्थापना निधि के कार्याें के प्रस्तावों की समीक्षा करने का निर्देश
गोरखपुर। कमिश्नर अनिल ढींगरा की अध्यक्षता में अवस्थापना निधि के अंतर्गत मंडल स्तरीय प्रस्तावित कार्यों के अनुमोदन के संबंध में बैठक हुई। इसमें जिलेवार अवस्थापना निधि के तहत कराए जाने वाले कार्यों के प्रस्तावों पर मंडालायुक्त ने जिलाधिकारी को अपने स्तर से प्रस्तावों की समीक्षा कर अंतिम रुप देते हुए भेजने का निर्देश दिए। ताकि प्रस्तावों को आवास विकास परिषद में भेजा जा सके। इस अवसर पर नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल, उपाध्यक्ष गोरखपुर विकास प्राधिकरण आनंद वर्धन तथा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिलाधिकारी देवरिया, मुख्य विकास अधिकारीगण गोरखपुर, कुशीनगर, महाराजगंज सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।