उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के बड़हलगंज धान क्रय केंद्र सहकारी संघ के प्रभारी अंबरीष तिवार और देवरिया जिले के कतौरा क्रय केंद्र के प्रभारी प्रदीप गौड़ पर एफआईआर दर्ज होगी। वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए शनिवार की देर शाम मंडल में धान क्रय की समीक्षा के दौरान कमिश्नर जयंत नार्लिकर ने दोनों केंद्र प्रभारियों पर एफआईआर दर्ज कराने का निर्देश दिया।
समीक्षा के दौरान क्रय एजेंसियों के अधिकारियों ने बताया कि दोनों क्रय केंद्र काफी दिनों से बंद मिलने पर कमिश्नर ने ये कार्रवाई की। उन्होंने प्रभारी अधिकारी आरएफसी व सीईओ गीडा, चारों जिलों के सभी प्रभारी अधिकारी धान खरीद, खाद्य विभाग के अधिकारियों, डिप्टी आरएमओ, कृषि अधिकारियों, सभी एसडीएम, तहसीलदार को निरंतर क्रय केंद्रों की निगरानी करने का निर्देश दिया।
कमिश्नर ने कहा कि सभी केंद्रों पर शत प्रतिशत किसानों से धान की खरीद हो। कहीं पर भी किसानों को दिक्कत न हो। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन खरीद किए गए धान का उठान सुनिश्चित करते हुए मिलर तक पहुंचाया जाए। इससे खरीद और उठान का चेन बना रहेगा।
उन्होंने भुगतान की स्थिति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि किसानों का समय से भुगतान किया जाए और सभी एजेंसी एक हफ्ते में किसानों के भुगतान के लिए कितने धन की आवश्यकता होगी इसकी गणना करके धन की व्यवस्था कराएं। कहा कि किसानों को भुगतान में देर नहीं होनी चाहिए। उन्होंने बोरों की उपलब्धता आदि के बारे में जानकारी लेते हुए लक्ष्य के अनुसार शत-प्रतिशत खरीद करने का निर्देश दिया।