खोराबार टाउनशिप एवं मेडिसिटी योजना : जीडीए ने ई चालान लेने वाले को दी राहत
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। खोराबार टाउनशिप एवं मेडिसिटी योजना के तहत बुकिंग में ई चालान लेने वालों को जीडीए ने राहत दी है। शनिवार और रविवार को बैंक बंद होने की वजह से गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने रुपये जमा कराने के लिए दो दिनों का अतिरिक्त मौका दिया है। जीडीए अधिकारियों ने कहा है कि जिन लोगों का ई चालान बन गया है, लेकिन बैंक बंद होने से आरटीजीएस से भुगतान नहीं हो सका है, उनको ही यह सुविधा मिल सकेगी।
खोराबार टाउनशिप एवं मेडिसिटी योजना के तहत विभिन्न श्रेणी के आवासीय और व्यवसायिक संपत्तियों का पंजीकरण हो रहा है। इसके लिए ई-लाटरी / ई-नीलामी से 26 मई से लेकर 25 जून तक ऑनलाइन आवंटन की सुविधा दी गई है। 24 और 25 जून को बैंक होने की वजह से आवेदक आरटीजीएस (रियल टाइम ग्रॉस सेटलमेंट) से पंजीकरण धनराशि का भुगतान नहीं कर पाएंगे। इसलिए जीडीए की ओर से दो दिनों की अतिरिक्त सुविधा दी गई है। जीडीए अधिकारियों के मुताबिक 24 और 25 जून को बुकिंग कराकर ई चालान प्राप्त कर चुके आवेदक सोमवार और मंगलवार को भी भुगतान की राशि जमा करा सकेंगे।
उम्मीद से अधिक हुए आवेदन
जीडीए अधिकारियों के मुताबिक खोराबार टाउनशिप व मेडिसिटी योजना में उम्मीद से अधिक पंजीकरण हुए हैं। शुक्रवार तक योजना की बुकिंग में रजिस्ट्रेशन शुल्क के रूप में 200 करोड़ रुपये मिल चुके हैं। आवंटन लाटरी के जरिए किया जाएगा।
अंतिम तिथि तक पंजीकरण कराकर ई चालान प्राप्त करने वाले आवेदकों को भुगतान के लिए दो दिन का अतिरिक्त समय दिया गया है। 26 और 27 जून को भी आरटीजीएस के जरिए लोग बुकिंग की रकम जमा करा सकेंगे। - उदय प्रताप सिंह, सचिव, जीडीए