रेलवे कैरेज एंड वैगन डिपो कार्यालय में काम के दौरान घायल हुए हेल्पर रामा हरि विश्वकर्मा (38 वर्ष) की जान बचाने की खातिर डॉक्टरों को एक पैर काटना पड़ा। उनके पैर में संक्रमण बढ़ता जा रहा था। रेलकर्मियों ने संवेदनशीलता का परिचय देते हुए मदद का बीड़ा उठाया है। एनई रेलवे मजदूर यूनियन के महामंत्री केएल गुप्त के आह्वान पर 1.67 लाख राशि एकत्र की गई है। वहीं कृत्रिम पैर व स्कूटी की व्यवस्था यूनियन अब केंद्रीय कर्मचारी कल्याण निधि से कराएगा।
रामा हरि अप्रैल में कार्यस्थल पर ही घायल हो गए थे। उन्हें पहले ललित नरायन मिश्र रेलवे रेलवे चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। जहां हालत गंभीर होने पर नरमू के सहयोग से रेफर कराकर परिवारवालों ने मेदांता, गुड़गांव अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान एक पैर काटना पड़ा। इसके बाद नरमू महामंत्री केएल गुप्त की अपील पर सीडीओ देवर्षि ऋषि के अंतर्गत कर्मचारियों ने आर्थिक सहयोग के लिए 1,67000 रुपये एकत्रित किया। मंगलवार को सीडीओ कार्यालय में सभी लोग जुटे।
महामंत्री ने बताया कि सहयोग राशि को रामा हरि के खाते मेें जमा करा दिया गया है। उन्होंने कहा कि जिन कर्मचारियों ने मदद की है, उनके नाम की सूची कार्यालय के नोटिस बोर्ड पर चस्पा कर दिया गया है। अन्य रेल कर्मचारी से आर्थिक मदद की अपील की गई है। जिस पर कर्मचारियों ने कहा कि 31 जुलाई तक सभी लोग मदद की राशि भेज देंगे।
इस दौरान सहायक मंडल यांत्रिक इंजीनियर हिमांशु रंजन वर्मा, सीनियर सेक्शन इंजीनियर कुमार वरुण, हिमांशु कश्यप, रवि श्रीवास्तव, केपी मिश्रा, नरमू संयुक्त महामंत्री ओंकार सिंह आदि मौजूद रहे।