गोरखपुर जिले के पिपराइच इलाके के रमवापुर गांव में पूर्व प्रधान के घर हुए हमले में कार्रवाई करने में लापरवाही सामने आने पर एसएसपी दिनेश कुमार प्रभु ने सीओ चौरीचौरा को भी हटा दिया है। उनपर भी मामले को हल्के में लेने और त्वरित कार्रवाई न करने का आरोप लगा था।
एसपी नार्थ की जांच में पुष्टि होने पर कार्रवाई की गई। उनकी जगह पर सीओ यातायात रहे जगतराम कन्नौजिया को सीओ चौरीचौरा और साइबर थाना प्रभारी रहे सूर्यभान सिंह को पिपराइच थाने का प्रभार मिला है।
जानकारी के मुताबिक, रमवापुर में हुए विवाद के बाद सीओ पिपराइच थानेदार को भी हटाया गया था। अब सीओ को हटाया गया है। एसएसपी ने सीओ चौरीचौरा रहे कुलदीप तिवारी को यातायात व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी है।
एहतियात के तौर पर रमवापुर गांव में घटना के अगले दिन से ही दो प्लाटून पीएसी तैनात है। बुधवार को नए सीओ व थानेदार ने गांव में पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। रमवापुर चौकी पर तैनात सिपाहियों के लापरवाही बरतने के आरोप की भी एसपी नार्थ जांच कर रहे हैं। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई होगी।