दो दिवसीय दौरे पर रविवार की शाम गोरखपुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को बीआरडी मेडिकल कॉलेज में कोरोना 19 के नियंत्रण के लिए गोरखपुर और बस्ती में किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा करेंगे।
इसके पूर्व वे चरगांवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में वैक्सीनेशन अभियान का भी निरीक्षण करेंगे। साथ ही मुख्यमंत्री एम्स में निर्माणाधीन कोविड अस्पताल का भी निरीक्षण करने जा सकते हैं। उसके बाद वह अयोध्या (फैजाबाद) के लिए रवाना हो जाएंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, सोमवार को 11 बजे बाबा राघव दास मेडिकल कॉलेज जाएंगे। वह वहां कोविड वार्डो का निरीक्षण करने के बाद कॉलेज सभागार में जिले के अधिकारियों और गोरखपुर एवं बस्ती मण्डल के जिलों के अधिकारियों से वर्चुअल बैठक करेंगे। इस बैठक में दोनों मण्डल में कोरोना संक्रमण को रोकने और पीड़ित लोगों के उपचार को लेकर किए जा रहे कार्यों की वह जानकारी लेने के साथ ही जरूरी दिशा निर्देश देंगे।
यह भी बताएंगे कि शासन स्तर पर और क्या तैयारियां की जा रही हैं। इस बैठक में सभी जिलों में गठित टीम 9 के अधिकारी भी वर्चुअल जुड़ेंगे। मेडिकल कॉलेज में बैठक के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) जाएंगे। बता दें कि मुख्यमंत्री की पहल पर एम्स में विमान निर्माता कंपनी बोइंग द्वारा 200 बेड के आईसीयू युक्त अस्पताल बनाने की तैयारी की जा रही है।