दो दिन के दौरे पर रविवार को गोरखपुर आ रहे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खेल, उद्योग, सामाजिक सरोकार और ढांचागत सुविधाओं के विकास को नई ऊंचाई देंगे। गीडा क्षेत्र में एक बड़े उद्योग का शुभारंभ करेंगे तो एक अन्य कार्यक्रम में फोरलेन सड़कों की कनेक्टिविटी की सौगात भी देंगे। फोरलेन सड़कों के शिलान्यास कार्यक्रम में मुख्यमंत्री, केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के साथ उपस्थित रहेंगे।
बांसगांव लोकसभा क्षेत्र के सांसद कमलेश पासवान की मेजबानी में आयोजित सांसद खेल स्पर्धा का रविवार को जीडी इंटर कॉलेज कौड़ीराम में समापन होगा। इसमें खिलाड़ियों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का सानिध्य व मार्गदर्शन प्राप्त होगा।
इसी दिन मुख्यमंत्री गीडा के सेक्टर-23 में अंकुर उद्योग लिमिटेड के इंटीग्रेटेड स्टील प्लांट का उद्घाटन कर जनपद के औद्योगिक विकास को गति देंगे। अंकुर उद्योग लिमिटेड के निदेशक निखिल जालान के मुताबिक जिला प्रशासन के सहयोग से मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
गोरखनाथ मंदिर में रात्रि विश्राम के बाद सोमवार को मुख्यमंत्री बक्शीपुर स्थित श्री चित्रगुप्त मंदिर सभा के कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे। यहां उनके हाथों पर्यटन विकास कार्यों का लोकार्पण होगा। सोमवार को ही वह केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के साथ करीब 5700 करोड़ रुपये की लागत वाली चार फोरलेन सड़कों के शिलान्यास समारोह में शामिल होंगे।
एनएचएआई की तरफ से आयोजित यह समारोह रामगढ़ताल क्षेत्र स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति पार्क में होगा। यहां सीएम और केंद्रीय मंत्री के हाथों जंगल कौड़िया-सोनौली, जंगल कौड़िया-जगदीशपुर (गोरखपुर रिंग रोड बाईपास), रामजानकी मार्ग, महराजगंज-निचलौल-ठूठीबारी फोरलेन की आधारशिला रखी जाएगी।