हम खड़ाऊं रखि के सेवा करत हईं: रविकिशन
सांसद एवं भाजपा प्रत्याशी रवि किशन ने भोजपुरी में अपनी बात रखते हुए कहा कि ई मंदिर क सीट बा। हम खड़ाऊं रखि के सेवा करत हईं। 2019 में इहो कहलीं अउर अजुओ इहे कहत हईं। सेवक रहलीं औ सेवक ही रहब। हमरे साथे महराज जी (सीएम योगी) क आशीरबाद बा अउर हम्मे का चाहीं। उन्होंने कहा कि जनता के एक-एक वोट से देश-प्रदेश में मोदी-योगी की जोड़ी ने रामराज की स्थापना कर दी है। जनसभा में प्रमुख रूप से भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेन्द्र सिंह, जिलाध्यक्ष युधिष्ठि सिंह, महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता, लोकसभा प्रमारी जनार्दन, कुशीनगर के सांसद विजय दूबे समेत भाजपा और सहयोगी दलों के सभी प्रमुख पदाधिकारियों की मौजूदगी रही।
मोदी जी और मेरी तरफ से हर कार्यकर्ता बने रविकिशन
सीएम योगी ने जनसभा में कार्यकर्ताओं को बड़ी जिम्मेदारी भी सौंपी। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान प्रत्याशी के लिए घर-घर जाना संभव नहीं होगा। एक संसदीय क्षेत्र में हजारों गांव व कई निकाय होते हैं। प्रत्याशी शक्तिकेंद्रों पर जाकर ही जनता से मिल पाएगा। ऐसे में आप सभी कार्यकर्ताओं और समर्थकों को मोदी जी की तरफ से, मेरी तरफ से गोरखपुर में खुद रविकिशन बनना पड़ेगा। रविकिशन बनकर घर-घर जाना पड़ेगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया तो सभी ने एक स्वर में हुंकार भरी।
बिना चेहरा देखे मिल रहा योजनाओं का लाभ
सीएम योगी ने कहा कि आज देश में बिना चेहरा देखे 80 करोड़ लोगों को राशन मिल रहा है, जबकि कांग्रेस, सपा और बसपा के समय में चेहरा देखकर राशन दिया जाता था। आज 60 करोड़ लोगों को पांच लाख रुपये के निशुल्क इलाज वाली आयुष्मान योजना की सुविधा मिल रही है। बिना चेहरा देखे, पात्रता के आधार पर 50 करोड़ लोगों के जनधन एकाउंट खुल गए हैं जिससे अब योजनाओं का पैसा सीधे लाभार्थी के खाते में जाता है। 12 करोड़ किसानों को किसान सम्मान निधि का लाभ मिल रहा है जबकि पहले किसान आत्महत्या करने को मजबूर थे। 12 करोड़ घरों में शौचालय बन गए हैं। 10 करोड़ घरों में उज्जवला योजना के तहत रसोई गैस के कनेक्शन हैं। चार करोड़ लोगों के मकान बन गए हैं, अकेले एक लाख मकान गोरखपुर में बने हैं।