एम्स का निरीक्षण करते सीएम योगी आदित्यनाथ
- फोटो : अमर उजाला।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिया कि अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में बन रहे 200 बेड आईसीयू डेडिकेटेड कोविड अस्पताल को न केवल जल्द शुरू किया जाए, बल्कि वहां बेड की क्षमता बढ़ाने की दिशा में भी तेजी से कार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि विमान निर्माता कंपनी बोइंग से अधिकारी यहां ऑक्सीजन प्लांट लगाने की भी बात करें। इसके लिए लिक्विड ऑक्सीजन (एलएमओ) और अन्य जरूरी सुविधाएं राज्य सरकार देगी।
मुख्यमंत्री ने सोमवार को एम्स और जिला प्रशासन के अफसरों के साथ बैठक में कहा कि जल्द तैयारियां पूरी कर कोविड अस्पताल का संचलन शुरू कर दिया जाए, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को इसका लाभ मिल सके। उन्होंने राज्य सरकार और बोइंग की तरफ से एम्स में शुरू होने वाले डेडिकेटेड कोविड अस्पताल की तैयारियों का जायजा लिया और निरीक्षण भी किया।
पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन और ड्राइंग मैप देखने के साथ उन्होंने प्रस्तावित स्थान का भी भ्रमण किया। सीएम योगी की पहल पर अंतरराष्ट्रीय विमान निर्माता कंपनी बोइंग ने 200 बेड के कोविड अस्पताल के संचालन का प्रस्ताव दिया है। मुख्यमंत्री से वार्ता के बाद जिला प्रशासन ने इस कोविड अस्पताल के लिए एम्स का चयन किया है।