इसी क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम और गोशाला भी बनेगी
*मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि लंबे समय तक पिछड़े रहे दक्षिणांचल को डबल इंजन की सरकार विकास की नई रफ्तार के साथ आगे बढ़ा रही है। वाराणसी फोरलेन और पशु चिकित्सा विज्ञान महाविद्यालय के साथ जल्द ही इस क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम बनाया जाएगा। महाविद्यालय के पास नगर निगम 50 एकड़ में गोशाला बनवाने जा रहा है।
गोरखपुर के विकास की चर्चा करते हुए सीएम ने कहा कि जो खाद कारखाना कांग्रेस सरकार में बंद हो गया था, उसे मोदी सरकार ने शुरू कर दिया। गोरखपुर में एम्स बन गया है। लिंक एक्सप्रेस वे चालू होने वाला है। गीडा में बड़े पैमाने पर उद्योग लगने से पांच हजार युवाओं को यहीं रोजगार मिल गया है।
अयोध्या में पहले चलती थी गोली, आज पलक पांवड़े बिछाकर होता है स्वागत
मुख्यमंत्री ने अयोध्या में प्रभु रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का उल्लेख करते हुए लोगों से सवाल किया कि क्या सपा-बसपा की सरकार अयोध्या में मंदिर बनवा पातीं? लोगों ने समवेत जवाब दिया-नहीं। इस ओर मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले अयोध्या में रामभक्तों पर गोली चलती थी, आज पलक पांवड़े बिछाकर उनका स्वागत होता है। लंगर चल रहे हैं। भगवान का आशीर्वाद भी मिल रहा है और प्रसाद भी।
हर कार्यकर्ता रविकिशन बनकर मांगेगा वोट
सीएम योगी ने लोकसभा चुनाव में गोरखपुर से घोषित प्रत्याशी, सांसद रविकिशन शुक्ल के पक्ष में समर्थन की अपील करते हुए कहा कि हर कार्यकर्ता रविकिशन बनकर घर घर जाएगा और वोट मांगेगा। कार्यक्रम को संबोधित करने से पूर्व सीएम ने पशु चिकित्सा विज्ञान महाविद्यालय के मॉडल का भी अवलोकन किया।
पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा, पशुधन के क्षेत्र में सीएम योगी की प्रेरणा से हो रहे अनेक कार्य
पशु चिकित्सा विज्ञान महाविद्यालय के शिलान्यास समारोह में पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि पशुधन के क्षेत्र में सीएम योगी की प्रेरणा से अनेक महत्वपूर्ण कार्य हो रहे हैं। पशुपालकों के लिए नंदिनी कृषक योजना लागू की गई है। ऐसी प्रविधि के लिए पशुपालकों को प्रेरित किया जा रहा है जिससे दुग्ध उत्पादन क्षमता में वृद्धि हो। गोरखपुर के इस पशु चिकित्सा विज्ञान महाविद्यालय के बन जाने के बाद यहां देशभर के पशु चिकित्सकों की ट्रेनिंग भी होगी।
लाभार्थियों को सम्मानित किया मुख्यमंत्री ने
कार्यक्रम के मंच से सीएम योगी ने मुख्यमंत्री स्वदेशी गोसंवर्धन योजना, नंदिनी कृषक समृद्धि योजना, मुख्यमंत्री प्रगतिशील पशुपालक प्रोत्साहन योजना, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना, पीएम आवास योजना के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।