परिवार से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि मृतक बच्चा चौरी-चौरा की ऐतिहासिक घटना से जुड़े एक महत्वपूर्ण क्रांतिकारी के परिवार का सदस्य था। उन्होंने बताया कि ब्रिटिश शासन के खिलाफ संघर्ष करने के मामले में जिन 172 लोगों को फांसी की सजा सुनाई गई थी, उनमें इस परिवार के बुजुर्ग भी शामिल थे। मुख्यमंत्री के अनुसार, महामना पंडित मदन मोहन मालवीय के प्रयासों से इन लोगों की फांसी की सजा को आजीवन कारावास में बदलवाने में सफलता मिली थी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवार के साथ इस तरह की क्रूरता अक्षम्य है। उन्होंने इस घटना को समाजवादी पार्टी का इतिहास बताते हुए पार्टी पर निशाना साधा। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह पीड़ित परिवार से मिलने और दुख की इस घड़ी में उनके साथ खड़े होने के लिए आए हैं।
बुधवार को गोरखपुर में अखिलेश यादव की पीडीए रथयात्रा के दौरान फूल बरसाने के लिए इस्तेमाल की जा रही जेसीबी की चपेट में आने से 14 वर्षीय आर्यवर्धन की मौत हो गई थी। वह कक्षा 10 का छात्र था और भाजपा नेता ओंकार सिंह श्रीनेत का बेटा था। घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोगों ने विरोध जताया था। मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।