फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

...और नर्वदा के सवाल पर संजीदा सीएम योगी ने कहा कोई काम छोटा बड़ा नहीं होता

Fri, 18 Dec 2020 08:17 PM IST
Vikas Kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गोरखपुर
विज्ञापन
सीएम योगी ने नर्वदा से किया संवाद - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

खजनी विकास खंड के औजी ग्राम की रहने वाली स्वयं सहायता समूह से जुड़ी नर्वदा देवी के एक सवाल पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ थोड़े देर के लिए गंभीर हो गए। संजीदगी दिखाते हुए उन्होंने नर्वदा का मनोबल बढ़ाया और यह आश्वस्त किया कि सरकार में किसी को भी रोजगार की कमी नहीं होने दी जाएगी। नर्वदा ने पूछा था कि क्या उनके समूह को भी मनरेगा में काम करने दिया जा सकता है। इस पर मुख्यमंत्री ने पूछा कि वह क्या काम करना चाहती हैं तो उन्होंने कहा ‘वे, कपार पर मिट्टी लेकर सड़क बनाने में काम करेंगी।’

विज्ञापन


इस सवाल पर कलेक्ट्रेट के एनआईसी सभागार में बैठा हर कोई मुस्कुरा दिया मगर सीएम गंभीर हो गए। थोड़ी ही देर में उन्होंने पूछा कि समूह में कितने लोग हैं? नर्वदा ने जवाब में कहा- 15 महिलाएं हैं। सीएम ने नर्वदा को आश्वस्त किया कि ग्रामीण महिलाओं के लिए काफी काम है जिन्हें वे कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि काम करने में हमें कोई संकोच या हिचक नहीं होनी चाहिए। महिला समूहों को राशन की दुकान, सार्वजनिक शौचालयों की देखरेख, स्कूलों के ड्रेस, स्वेटर सिलने जैसे काम उपलब्ध है।

सीएम ने शुक्रवार की शाम लखनऊ से आयोजित एक वर्चुअल कार्यक्रम के जरिए प्रदेश के 97663 स्वयं सहायता समूहों के खाते में 445.92 करोड़ रुपये की धनराशि हस्तांतरित की। इस दौरान उन्होंने कई जिलों के महिला समूहों की सदस्यों से संवाद भी किया। गोरखपुर में यह मौका लक्ष्मी प्रेरणा स्वयं सहायता समूह की नर्वदा को मिला। सीएम ने नर्वदा से पूछा कि पोषाहार वितरण का काम कैसे किया? इस पर नर्वदा ने बताया कि सूती कपड़े के झोले बनाए और उसमें पोषाहार का सामान भर कर आंगनबाड़ी को उपलब्ध करा दिया।
विज्ञापन

 
सीएम ने अगला सवाल किया कि सब को पोषाहार मिला? नर्वदा ने बताया कि सभी को मिला। नर्वदा ने सीएम को बताया कि उनका समूह सिलाई सेंटर भी चला रहा है। इस पर सीएम ने पूछा कि यूनिफार्म सिलने का काम मिला था, नर्वदा ने हां में जवाब दिया। सीएम ने नर्वदा को सुझाव दिया कि मास्क बनाने का काम प्रशिक्षण लेकर करें क्योंकि अभी 6 माह तक मास्क पहनना पड़ेगा।

जिले की 24 हजार महिला समूहों को 12.30 करोड़ रुपये मिले
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गोरखपुर जिले के 2496 महिला समूहों को 12.30 करोड़ रुपये को तोहफा दिया। लखनऊ में आयोजित इस कार्यक्रम में वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए गोरखपुर कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी सभागार से डीएम समेत कई अफसर और स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं भी जुड़ी। इस दौरान उन्होंने विश्वास दिलाया कि सरकार उनके साथ खड़ी है, उनके सशक्तिकरण एवं आर्थिक स्वावलम्बन के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जाएंगे। महिला समूहों को मिली इस धनराशि से जिले की तकरीबन 24 हजार महिलाएं आर्थिक स्वावलम्बन और महिला सशक्तिकरण की दिशा में कदम बढ़ाएंगी। एनआईसी सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में डीएम के विजयेंद्र पांडियन, सीडीओ इंद्रजीत सिंह, डीसी एनआरएलएम अवधेश राम एवं लाभार्थी महिलाएं मुख्य रूप से मौजूद थीं।

महिला समूहों को इस मद में मिली आर्थिक सहायता
कार्यक्रम के दौरान स्वयं सहायता समूहों को कम्यूनिटी इनवेस्टमेंट सपोर्ट फंड राशि का डिजिटल हस्तानांतरित किया गया। 2500-2500 रुपये का 811 महिला समूहों को समूह स्टार्टअप फंड कुल 20.26 लाख रुपये, 61 समूहों को 75-75 हजार रुपये का ग्राम संगठन स्टार्टअप फंड के रूप में 45.75 लाख रुपये की धनराशि दी गई। 690 स्वयं सहायता समूहों को 15-15 हजार रुपये का रिवाल्विंग फंड के तौर पर 1.35 करोड़ रुपये मिला। 718 स्वयं सहायता समूहो को 1.10-1.10 लाख रुपये का सीआईआई फंड के रूप में 7.90 करोड़ रुपये मिले।

4 समूहों को 35-35 हजार रुपये के सीएलएफ स्टार्टअप फंड के रूप में 14 लाख रुपये, 4 महिला समूहों को इंस्योरेंस सपोर्ट फंड के रूप में 30-30 हजार रुपये के फंड के रूप में 12 लाख रुपये मिले। 24 समूहों को 15-15 हजार रुपये के प्रोड्यूसर ग्रुप फंड के अंतर्गत 36 लाख रुपये, 28 समूहों को 20-20 हजार रुपये आजीविका फंड के रूप में कुल 56 लाख रुपये दिए। इसी तरह 33 महिला समूहों को प्रेरणा कृषि टूल बैंक के अंतर्गत 20-20 हजार रुपये फंड के रूप में 66 लाख रुपये दिए। जोखिम निवारण निधि के अंतर्गत 86.30 लाख रुपये दिए गए।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें