इंसेफेलाइटिस वार्ड का निरीक्षण करते सीएम योगी।
- फोटो : अमर उजाला।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एम्स और जिला अस्पताल का निरीक्षण करने के बाद बीआरडी मेडिकल कॉलेज के 100 बेड इंसेफेलाइटिस वार्ड का निरीक्षण करने पहुंचे। वह इंसेफेलाइटिस वार्ड के आईसीयू और हाई डिपेंडेंसी यूनिट में पहुंचकर अभिभावक की भूमिका में बच्चों से दुलार करते हुए उनके तबीयत के बारें में पूछा। बच्चों की हां पर वह परिजनों से सवाल किए कोई दिक्कत तो नहीं। दवाई और भोजन समय से मिल रहा है ना। इस पर परिजनों की हां हुई तो वह संतुष्ट दिखाई दिए।
इंसेफेलाइटिस वार्ड में पहुंचते ही वह सबसे पहले 42 बेड के बने आईसीयू वार्ड में गए। जहां पर मौजूदा समय में 21 मासूम बच्चों का इलाज चल रहा है। आईसीयू वार्ड में वेंटिलेंटर पर भर्ती बस्ती की अंशिका और देवरिया की सना को देखकर वह भावुक हो गए। करीब एक मिनट तक दोनों मासूमों को एक टक निहारते रहे। डॉक्टर और स्टाफ कर्मियों को निर्देशित किया आईसीयू की बच्चों का विशेष ख्याल रखा जाए। इन्हें कोई भी परेशानी न हो। इनका इलाज बेहद सावधानी और गंभीरता से होना चाहिए।
इसके बाद वह 37 बेड वाले हाई डिपेंडेंसी यूनिट पहुंचे, जहां पर 16 बच्चे भर्ती हैं। यहां भर्ती सिसवा, महराजगंज की छह साल की मासूम सौम्या रौनियार को उन्होंने बड़े प्रेम दुलारते हुए तबीयत के बारें में पूछा। इससे पहले उसने उन्हें प्रणाम किया। मुख्यमंत्री ने उससे पूछा, कैसी हो, क्या हुआ है, अब कोई परेशानी तो नहीं? इस पर सौम्या बोली कि अब ठीक हो रही हूं।