शीर्ष तीन अर्थव्यवस्था में शामिल होने की तरफ बढ़ रहा भारत
सीएम योगी ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया की एक बड़ी ताकत बन रहा है। वर्ष 2027 तक भारत को दुनिया के शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में शामिल करने के लक्ष्य के लिए आगे बढ़ रहे हैं। आज अयोध्या में एक नई अयोध्या के दर्शन हो रहे हैं। वहां दो दर्जन फाइव स्टार होटल के प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं और कुछ पर कार्य भी चल रहा है।
उन्होंने कहा कि वह उत्तर प्रदेश जहां कोई आना नहीं चाहता था, आज वहां होटल, अवसंरचना, कनेक्टविटी के क्षेत्र में विश्व का हर निवेशक निवेश करना चाहता है। वे गोरखपुर, अयोध्या, लखनऊ और वाराणसी जैसे शहरों में कार्य करना चाहते हैं।
होटल में स्थानीय उत्पाद के बारे में भी कराएं अवगत
मुख्यमंत्री ने होटल ग्रुप से अपील की कि वे होटल में प्रदेश के स्थानीय उत्पाद के बारे में भी पर्यटकों को अवगत कराएं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार भी पीएम मोदी के वोकल फार लोकल के आह्वान के क्रम में वन डिस्ट्रिक वन प्रोडक्ट के रूप में प्रत्येक जिले के एक प्रोडक्ट को पहचान दे रही है।
आज उत्तर प्रदेश एक्सपोर्ट हब के रूप में दो लाख करोड़ रुपये के लोकल प्रोडक्ट का एक्सपोर्ट कर रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का अमेजन एवं अन्य ऐसी संस्थाओं से एमओयू है, जिसके माध्यम से इन उत्पादों की ऑनलाइन डिलिवरी हो सकती है। ये सुविधाएं रोजगार सृजन में भी मदद करेंगी।
इंवेस्टर्स समिट में निवेश से 1.10 करोड़ युवाओं को मिलेगी नौकरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश नए भारत का नया प्रदेश बन चुका है। यह भारत की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। विगत फरवरी माह में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में 40 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इससे एक करोड़ 10 लाख युवाओं को नौकरी की गारंटी प्राप्त हुई है। ये प्रस्ताव हर जनपद के लिए प्राप्त हुए हैं। उसी प्रस्ताव के क्रम में पर्यटन नीति के अंतर्गत होटल बन रहे हैं।
बुंदेलखंड में 31 किले होटल के रूप में हो सकते हैं विकसित
मुख्यमंत्री ने कहा कि ये होटल ग्रुप प्रदेश सरकार की ओर से शुरू हेरिटेज होटल निर्माण की नई श्रृंखला में भी जुड़कर होटल निर्माण कर पर्यटन के विकास में जुड़कर अपना योगदान दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड में लगभग 31 ऐसे किले हैं, जिनको होटल के रूप में विकसित करके उस क्षेत्र में पर्यटन को तेजी से बढ़ाया जा सकता है। प्रदेश के अन्य शहरों में भी इस प्रकार की संभावनाएं है। फाइव स्टार होटल के साथ होम स्टे की एक नई व्यवस्था के साथ पर्यटन को आगे बढ़ाया जाए, इससे एक नई संस्कृति के विकास के साथ लोग आकर्षित होंगे और दुनिया गोरखपुर आयेगी।