एक नए गोरखपुर का हो रहा दर्शन
सीएम योगी ने कहा कि बदलते उत्तर प्रदेश में गोरखपुर पीछे नहीं रह सकता। गोरखपुर के चारों ओर विकास दिखाई देता है। एक नए गोरखपुर का दर्शन हो रहा है। यहां फोरलेन, सिक्सलेन, चौड़ी व मजबूत सड़कें हैं। भरपूर बिजली मिलती है। निखरे रामगढ़ताल और यहां की चमचमाती सड़कों पर भोजपुरी, हिंदी व अन्य भाषाओं की फिल्मों की शूटिंग हो रही है। उन्होंने एम्स, पिपराइच चीनी मिल, आयुष विश्वविद्यालय, जैसी उपलब्धियों का भी उल्लेख किया।
पहले नेतृत्व में था इच्छाशक्ति का अभाव
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास की ये सारी संभावनाएं पहले भी थीं लेकिन नेतृत्व में इच्छाशक्ति का अभाव था। पहले उद्योग बंद कराए जाते थे, अब लगवाए जा रहे हैं। आज जिस स्थान पर यह कार्यक्रम हो रहा है वहां पुराने खाद कारखना को बंद करा दिया गया था। अब यहां नया खाद कारखाना क्षमता से अधिक उत्पादन कर रहा है। यहां सैनिक स्कूल है, एसएसबी का सेंटर है। साथ ही बगल में स्थित चिलुआताल का सुंदरीकरण भी रामगढ़ताल की तर्ज पर कराया जा रहा है।
जातिवाद से नहीं हो सकता किसी का कल्याण
मुख्यमंत्री ने निकाय चुनाव के लिए लोगों को आगाह किया। कहा कि कहा कि नागरिकों की मांग पर उनवल, घघसरा, कैम्पियरगंज, उरुवा बाजार को नगर पंचायत बना दिया गया है। उनवल में चार हजार गरीबों को आवास एक झटके में मिल गए। बाईपास बन गया, नगर पंचायत का कार्यालय भवन बन गया। विकास का लाभ तेजी से मिलता रहे इसके हम सभी को जाति से ऊपर उठकर सकारात्मक सोच को आगे बढ़ाना होगा। जातिवाद से किसी का कल्याण नहीं हो सकता। आजादीके बाद बहुत से लोगों ने जातिवाद की राजनीति की लेकिन उन्होंने क्या किया? क्या गरीबों के लिए आवास-शौचालय बनवाए, बिजली, गैस के कनेक्शन दिए, उपचार के लिए पैसा दिया? जवाब एक ही है, नहीं। ऐसे लोग युवाओं की नौकरी में सेंध लगाते हैं। स्मार्टफोन, टैबलेट देने में अड़ंगा डालते हैं। सीएम ने कहा कि प्रदेश सरकार 20 लाख नौजवानों को टैबलेट व स्मार्ट फोन दे चुकी है। दो करोड़ नौजवानों को इससे आच्छादित कर उन्हें तकनीकी रूप से सक्षम बनाने का लक्ष्य है। डबल इंजन की सरकार ने समाज के हर तबके के लिए कुछ न कुछ कार्य किया है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना, एक जिला एक उत्पाद योजना, पीएम स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, कृषि विभाग, उद्यान विभाग, पीएम कृषि सिंचाई योजना आदि के लाभार्थियों को मंच पर सम्मानित किया।
लोकार्पण व शिलान्यास समारोह को सांसद रविकिशन शुक्ल, कमलेश पासवान व विधायक महेंद्रपाल सिंह ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर प्रदेश सरकार के मत्स्य विभाग के मंत्री डॉ संजय निषाद, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती साधना सिंह, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी डॉ धर्मेंद्र सिंह, विधायक फतेह बहादुर सिंह, श्रीराम चौहान, राजेश त्रिपाठी, विपिन सिंह, प्रदीप शुक्ल, सरवन निषाद, एमएलसी सीपी चंद, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय, जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह, महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।