दिवाली के दिन रविवार को गोरखपुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह गोरखनाथ मंदिर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने जनता दर्शन किया। यहां फरियादियों को कुर्सियों पर बैठाया गया था। मुख्यमंत्री खुद उनके बीच पहुंचे और एक-एक कर सभी की समस्याएं सुनीं। उन्होंने प्रार्थना पत्र लेकर मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अलग-अलग मामलों से जुड़ी शिकायतों के निस्तारण के लिए मुख्यमंत्री ने संबंधित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को प्रार्थना पत्र भेजे। उन्होंने निर्देश दिया कि हर शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई हो और पीड़ित को समाधान से संतुष्ट किया जाए।
जनता दर्शन में कुछ लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर भी पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया कि धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जरूरतमंद मरीजों के उच्चस्तरीय इलाज के लिए जल्द से जल्द इस्टीमेट तैयार कराकर उपलब्ध कराया जाए। इस्टीमेट मिलते ही सरकार की ओर से इलाज के लिए धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी।
सीएम योगी ने बच्चों को स्नेह और आशीर्वाद दिया।
- फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
जनता दर्शन में कुछ महिलाएं अपने बच्चों के साथ भी पहुंची थीं। मुख्यमंत्री ने बच्चों को स्नेह और आशीर्वाद दिया। उन्होंने बच्चों को चॉकलेट भी दी और उनकी कुशलक्षेम पूछी।