मुख्यमंत्री ने कहा कि गोमहत्ता को प्रतिष्ठित करने वाली परंपरा के निर्वहन के लिए उत्तर प्रदेश सरकार 7,700 से अधिक गोशालाओं के माध्यम से निराश्रित गोवंश के संरक्षण और संवर्धन का कार्यक्रम चला रही है। इन गोशालाओं में 16 लाख से अधिक निराश्रित गोवंश संरक्षित हैं। सरकार का प्रयास है कि गोवंश को सुरक्षित और सम्मानजनक स्थान मिले।
गोवर्धन पूजा करते सीएम योगी
- फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
सीएम योगी ने बताया कि गोसंरक्षण और गोसंवर्धन के लिए सरकार तीन तरह की योजनाएं चला रही है। पहली योजना के तहत निराश्रित गोआश्रय स्थलों का संचालन सरकार करती है। दूसरी सहभागिता योजना है। इसके तहत किसान गोआश्रय स्थल से निराश्रित गाय लेकर उनका पालन-पोषण कर सकता है। सरकार इसके लिए प्रति गाय 1,500 रुपये प्रतिमाह देती है। एक किसान अधिकतम चार गाय रख सकता है। इस तरह उसे हर महीने छह हजार रुपये तक की अतिरिक्त सहायता मिल सकती है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि कुपोषित परिवारों को भी दूध की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए गोआश्रय स्थल से एक-एक ब्याई हुई गाय दी जाती है। इसके पालन-पोषण के लिए परिवार को प्रति गाय 1,500 रुपये प्रतिमाह दिए जाते हैं। इन योजनाओं का लाभ बड़ी संख्या में किसानों और कुपोषित परिवारों ने लिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तीसरी व्यवस्था के तहत ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में गोआश्रय स्थलों का संचालन किया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालन विभाग और शहरों में नगर विकास विभाग के माध्यम से कान्हा उपवन संचालित होते हैं। सरकार का उद्देश्य है कि गायें सड़कों पर न रहें और किसानों की फसलों को नुकसान न पहुंचाएं। उनके संरक्षण और देखभाल के लिए सुरक्षित एवं सम्मानजनक व्यवस्था हो।
सीएम योगी ने कहा कि भारत कृषि और ऋषि प्रधान देश है। यहां की धार्मिक और कृषि परंपराओं में गाय और गोवंश का विशेष महत्व रहा है। दिवाली के अगले दिन गोवर्धन पूजा इसी परंपरा का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि गाय समृद्धि का खजाना है और गोसेवा से धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष जैसे चारों पुरुषार्थों की प्राप्ति का मार्ग प्रशस्त होता है।
सीएम योगी बोले- हर परिवार गाय और श्वान के लिए निकाले भोजन का हिस्सा
- फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से गोसेवा की भारतीय परंपरा का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि भारतीय परंपरा में भोजन का पहला ग्रास गाय और अंतिम ग्रास श्वान के लिए निकालने की व्यवस्था रही है। हर परिवार को इस परंपरा का निर्वहन करना चाहिए। जो लोग गाय नहीं पाल सकते, वे धर्मार्थ रूप से संचालित गोशालाओं में सहयोग कर गोसेवा कर सकते हैं।