गोरखनाथ ओवरब्रिज के समानांतर एक और ओवरब्रिज बनाने की हरी झंडी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दे दी है। यह ओवरब्रिज 776.32 मीटर का होगा। इस पर 178 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
ओवरब्रिज बनने के बाद धर्मशाला बाजार से गोरखनाथ की राह आसान हो जाएगी। जाम की समस्या से पूरी तरह निजात मिल जाएगी। मोहद्दीपुर से जंगलकौड़िया के बीच फोरलेन सड़क बन चुकी है, लेकिन गोरखनाथ ओवरब्रिज दो लेन का ही है। इससे ओवरब्रिज पर वाहनों का जबरदस्त दबाव रहता है।
दरअसल, 1980 में बना ओवरब्रिज अब 42 वर्ष पुराना हो चुका है। लिहाजा, मुख्यमंत्री ने तत्काल समानांतर ओवरब्रिज बनाने की मंजूरी दे दी। इसकी डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) बनाकर उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम शासन को भेज चुका है। ओवरब्रिज का कुछ हिस्सा रेलवे में पड़ रहा है।
रेलवे से ड्राइंग व डिजाइन मांगी गई है। जैसे ही ड्राइंग मिलेगी, वैसे ही बजट स्वीकृत हो जाएगा। यह काम मुख्यमंत्री की प्राथमिकताओं में है, इसलिए रेलवे से लगातार पत्राचार किया जा रहा है। रेलवे के भाग की लंबाई 17.63 मीटर है। ओवरब्रिज बनाने के लिए कई निर्माण तोड़े जाएंगे। इसके एवज में मुआवजा भी दिया जाएगा।
इसे भी पढ़ें: सीएम योगी ने पांव पखार किया कन्या पूजन, बोले- मातृशक्ति के प्रति सम्मान को किया प्रतिष्ठित