फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP: गोरखपुर में सीएम योगी बोले- प्रभावी नेतृत्व ने बदली दुनिया की धारणा, बड़ी ताकत के रूप में उभर रहा भारत

Sat, 01 Nov 2025 08:56 PM IST
राहुल तिवारी अमर उजाला नेटवर्क, गोरखपुर

सार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2014 से पहले भारत पहचान के संकट से गुजर रहा था, लेकिन अब प्रभावी नेतृत्व से देश वैश्विक स्तर पर सम्मान पा रहा है। सीएम योगी आदित्यनाथ गोरखपुर में सैमसंग इनोवेशन कैंपस के प्रमाणपत्र वितरण समारोह को संबोधित किए।
 
विज्ञापन
संबोधित करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को योगीराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में सैमसंग इनोवेशन कैंपस द्वारा आयोजित प्रमाणपत्र वितरण समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय और प्रदेश के अन्य तकनीकी संस्थानों के करीब 1300 छात्र-छात्राओं को प्रमाणपत्र वितरित किए गए। मुख्यमंत्री ने स्वयं अपने हाथों से आठ विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र प्रदान किए। समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से पहले का भारत पहचान के संकट से जूझ रहा था। उस समय भ्रष्टाचार व्यवस्था पर हावी था और वैश्विक स्तर पर देश की साख लगातार गिर रही थी। कभी पहचान के संकट के दौर से गुजरने वाला भारत आज दुनिया की बड़ी ताकत के रूप में एहसास करा रहा है। 

विज्ञापन


सीएम योगी ने कहा कि युवा पहचान को मोहताज हो रहे थे। पर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 11 वर्षों में विकास और जनहित के अनेक कार्यक्रमों के क्रियान्वयन से वैश्विक स्तर पर भारत की मजबूत पहचान स्थापित करने में सफलता मिली है। मुख्यमंत्री ने कहा पीएम स्टार्टअप, पीएम स्टैंडअप, डिजिटल इंडिया जैसे कार्यक्रमों ने भारत को न केवल नई पहचान दी है बल्कि देश को दुनिया की चौथी अर्थव्यवस्था बनाने में भी भरपूर योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि यह बदलाव अचानक नहीं हुआ  बल्कि इसके लिए सरकार के स्तर पर अनेक प्रयास किए गए। 

ईज ऑफ लिविंग बढ़ाने में सहायक हो सकती है तकनीकी
सीएम योगी ने आमजन के जीवन को सुगम बनाने के लिए युवाओं से इमर्जिंग टेक्नोलॉजी और नवाचार पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया। कहा कि ईज ऑफ लिविंग (जीवन सुगमता) बढ़ाने में तकनीकी काफी सहायक हो सकती है। आज तकनीकी के इस्तेमाल से ऐसे नवाचार जरूरी हैं जिससे जीवन को और भी सहज और सरल बनाया जा सके। 

विज्ञापन
विज्ञापन

छात्र-छात्राओं को प्रमाणपत्र वितरित करते हुए सीएम योगी - फोटो : अमर उजाला
एनईपी को समयबद्ध ढंग से लागू करें शिक्षण संस्थान
मुख्यमंत्री ने देश के विकास और जीवन सुगमता के लिए तकनीकी के महत्व को राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) -2020 में भी महत्व दिए जाने का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि देश में और सकारात्मक बदलाव लाने में एनईपी बड़ी भूमिका का निर्वहन कर सकती है, बशर्ते सभी शिक्षण संस्थान इसे समयबद्ध ढंग से लागू करें। मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार ने एनईपी के उद्देश्यों के अनुरूप टाटा टेक्नोलॉजी के साथ 150 से अधिक आईटीआई से युवाओं को मॉडर्न वोकेशनल ट्रेनिंग से जोड़ने के कार्यक्रम को आगे बढ़ाया है। 

सुविधा और सुरक्षा के लिए हैं ट्रैफिक के नियम
सीएम योगी ने समस्या के समाधान से जुड़े अपने वक्तव्य को एक उदाहरण से स्पष्ट किया। कहा कि जाम की समस्या पर चर्चा तो सभी लोग करते हैं लेकिन उनमें से अधिकांश लोग ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन भी खुद ही करते हैं। ट्रैफिक के नियम सुविधा और सुरक्षा के लिए बनाए गए हैं। यदि हम ट्रैफिक नियमों का पालन करें तो जाम नहीं लगेगा। कोई तो कारक होता ही है जाम लगने का। अक्सर देखा जाता है कि लोग मोटरसाइकिल चलाते समय हेलमेट या कार चलाते समय सीट बेल्ट का इस्तेमाल नहीं करते हैं। वाहन चलाते समय इयरफोन भी लगाए रहते हैं। 

पर्यावरण समस्या पूरी दुनिया के लिए बड़ी चुनौती
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर्यावरण की समस्या के प्रति भी सबका ध्यान आकृष्ट कराया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में पूरी दुनिया पर्यावरण समस्या से जुड़ी बड़ी चुनौती का सामना कर रही है। दिल्ली जैसा शहर गैस चैंबर बन गया है। वहां चिकित्सक श्वांस की समस्या से जुड़े लोगों को घर से बाहर न निकलने की सलाह दे रहे हैं। उन्होंने कहा इसका कोई तो कारण होगा। इसके लिए उन्होंने पराली जलाने की प्रवृत्ति की चर्चा करते हुए कहा कि सरकार की तरफ से पराली प्रबंधन के उपाय और इस संबंध में जागरूकता बढ़ाए जाने के बावजूद लोग पराली जलाते हैं। यह जानते हुए भी इससे निकलने वाली गैस भारी नुकसान पहुंचाएगी। 

युवाओं के स्वावलंबन को बनाया 1000 करोड़ रुपये का फंड
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सैमसंग इनोवेशन कैंपस को स्वावलंबन मार्ग के लिए एक प्लेटफार्म के रूप में इंगित किया। उन्होंने कहा कि इससे जुड़कर युवा अपना स्टार्टअप शुरू कर सकते हैं। इसके लिए सरकार बड़े पैमाने पर सहयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं के स्वावलंबन के लिए यूपी सरकार ने 1000 करोड़ रुपये का फंड बनाया है। उन्होंने युवाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए उद्योग और संस्थानों को मिलकर काम करने और उद्योगों में युवाओं को इंटर्नशिप का अवसर देने का आह्वान किया। 

वैश्विक नवाचार का हब बन रहा उत्तर प्रदेश
इस अवसर पर सैमसंग साउथ वेस्ट एशिया के प्रेसिडेंट और सीईओ जेबी पार्क ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में हो रहे विकास की सराहना की। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश वैश्विक नवाचार का अब बन रहा है। इसे देखते हुए सैमसंग ने अपना वर्ल्ड क्लास मैन्युफैक्चरिंग प्लांट यूपी में लगाया है। श्री पार्क ने कहा कि भारत दुनिया में तेजी से बढ़ती हुई अर्थव्यवस्था के साथ सबसे अधिक युवा मस्तिष्क वाला देश भी है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के युवाओं को सशक्त बनाने के लिए सैमसंग इनोवेशन कैंपस के जरिए इस साल प्रदेश के 5000 युवाओं को लाभान्वित किया जा रहा है। 

युवाओं के प्रशिक्षण को सीएम योगी से निरंतर मिला मार्गदर्शन 
कार्यक्रम में इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर स्किल कॉउंसिल ऑफ इंडिया (ईएसएससीआई) के अध्यक्ष विनोद शर्मा ने कहा कि सैमसंग इनोवेशन कैंपस के कार्यक्रम को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निरंतर मार्गदर्शन और प्रोत्साहन दिया है। उनके मार्गदर्शन से युवा सशक्तिकरण को नई ऊंचाई प्राप्त हो रही है। श्री शर्मा ने कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त युवा भारत के डिजिटल भविष्य को नई दिशा देंगे।

कौशल से नवचार के मार्ग पर चल पड़े हैं यूपी के युवा
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए गोरखपुर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन से उत्तर प्रदेश के युवा कौशल से नवाचार और नवाचार से रोजगार के मार्ग पर चल पड़े हैं। उन्होंने कहा कि डिजिटल प्रशिक्षण से एक नई यात्रा की शुरुआत कर ये युवा अपने कौशल से अपना भविष्य संवारने के साथ समाज और राष्ट्र के निर्माण में भी योगदान देंगे। इस अवसर पर सांसद रविकिशन शुक्ल, विधायक विपिन सिंह, श्रीराम चौहान डॉ. विमलेश पासवान, प्रदीप शुक्ला, सरवन निषाद, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी सहित कई गणमान्यजन तथा सैमसंग इनोवेशन कैंपस से जुड़े युवा उपस्थित रहे।

 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें