फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सभी नालों का पुनरुद्धार होने पर एक बूंद पानी भी नहीं जमा होगा : मुख्यमंत्री

विज्ञापन
विज्ञापन
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जब गोड़धोइया नाले का पुनरुद्धार नहीं हुआ था तो महानगर के उत्तरी क्षेत्र के 17 वार्ड बारिश में जलमग्न हो जाते थे। अब इस नाले को देखकर ऐसा लगता है कि जैसे कोई नदी बह रही है। इस नाले को पुनर्जीवित किया गया है। इसी का परिणाम है कि बीते दिनों 15 घंटे हुई मूसलाधार बारिश में भी उत्तर क्षेत्र के 17 वार्डों में कहीं भी जलभराव नहीं हुआ। इस नाले ने बारिश का सारा पानी खींच लिया। उन्होंने कहा कि जब सभी नालों का पुनरुद्धार हो जाएगा तो महानगर में कहीं भी एक बूंद पानी नहीं लगेगा।
विज्ञापन

मुख्यमंत्री आदित्यनाथ बुधवार की शाम 495 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन गोड़धोइया नाला परियोजना के कार्यों के निरीक्षण के बाद जेल बाईपास के पास आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने फातिमा हॉस्पिटल के पास और जेल बाईपास के समीप निर्माणाधीन गोड़धोइया नाले का निरीक्षण किया। कहा कि कुछ लोगों ने गोड़धोइया नाला के पास जमीनें ली थीं। समाजवादी पार्टी की सरकार में भूमाफिया ने सरकारी जमीनों पर गलत इंदराज कराकर उन्हें ठगने का काम किया था। हमने जिनके भी नाम जमीनों के कागज पर दर्ज थे, उन्हें मुआवजा दिया।


गोड़धोइया नाला के दोनों तरफ बनेगी सड़क, सुरक्षा के उपाय भी होंगे
मुख्यमंत्री ने बताया कि गोड़धोइया नाला साढ़े नौ किमी लंबा और 10 मीटर चौड़ा बना है। इसके साथ ही 18 किलोमीटर सीवर लाइन भी पड़ रही है। जिससे अब नाले में सीवर का पानी नहीं गिरेगा। गोड़धोइया नाला परियोजना में 36 एमएलडी की एसटीपी का काम पूरा हो गया है। नाले पर 14 ब्रिज और 61 एमएलडी मास्टर पंप स्टेशन (एमपीएस) का काम भी पूरा हो गया है। उन्होंने बताया कि उनकी योजना है कि गोड़धोइया नाला पर यातायात की व्यवस्था हो और सुरक्षा के उपाय भी किए जाएं ताकि कोई नाले में न गिरने पाए। उन्होंने कहा कि नाला के दोनों तरफ सड़क का निर्माण भी होना है। साथ ही नाले के दोनों तरफ आने-जाने के लिए पुल भी बनना है। सीवर लाइन का काम अंतिम चरण में है। यहां सड़क भी बनेगी, रेलिंग लगेगी, फुटपाथ बनेगा और प्रकाश की भी अच्छी व्यवस्था भी होगी।
विज्ञापन



नाले में गंदगी और कूड़ा न फेकें
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोगों से अपील की कि लोग नाले में गंदगी और कूड़ा न फेकें। अगर इस नाले का सही ढंग से उपयोग किया गया तो अगले 100 साल तक गोरखपुर के उत्तरी क्षेत्र में बारिश का पानी जमा नहीं होगा। पानी इस नाले के माध्यम से रामगढ़ताल और तरकुलानी होते हुए राप्ती नदी तक पहुंच जाएगा। अगर कहीं भी बाधा आएगी और नाले में कूड़ा डाला जाएगा या फिर कब्जा किया जाएगा तो जलभराव की समस्या फिर से उत्पन्न हो जाएगी और साथ में बदबू और बीमारी लेकर आएगी। गोड़धोइया नाला परियोजना से गोरखपुर उत्तर क्षेत्र की तीन लाख आबादी लाभान्वित हो रही है उन्हें बीमारी और गंदगी से मुक्त अच्छा वातावरण मिलने लगा है।


सड़कें अच्छी होंगी तो व्यापार बढ़ेगा, रोजगार मिलेगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि मोहद्दीपुर से बाईपास मार्ग, स्पोर्ट्स कॉलेज से बरगदवा मार्ग, असुरन से मेडिकल कॉलेज मार्ग, असुरन से पिपराइच मार्ग फोरलेन हुए हैं। फोरलेन सड़कों से यहां के लोगों की संपत्ति का मूल्य भी बढ़ गया है। पहले जिस संपति की कीमत एक लाख रुपये थी, अब वह पांच लाख रुपये हो गई है। जब सड़कें अच्छी होंगी तो व्यापार बढ़ेगा, रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
विकास को देखकर विरोधियों के पास बोलने को कुछ नहीं : रविकिशन

सांसद रविकिशन शुक्ल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में गोरखपुर में अभूतपूर्व विकास हो रहा है। योगी सरकार के विकास कार्यों को देखकर विरोधियों के पास कुछ बोलने को नहीं रह गया है। मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने कहा कि गोड़धोइया नाला परियोजना सीएम योगी की दूरदर्शिता का मॉडल है। इस परियोजना से महानगर को जलभराव की समस्या से मुक्ति मिलने जा रही है। इस मौके पर गोरखपुर ग्रामीण के विधायक विपिन सिंह, एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय, महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता, मंडल अध्यक्ष शिशिर वर्मा, प्रदीप सिंह, प्राण तिवारी, आनंद अग्रहरि आदि की मौजूदगी रही।


बारिश होते ही सभी लोगों को पंडाल में बुला लिया सीएम ने
सीएम योगी की जनसभा जैसे ही शुरू हुई, झमाझम बारिश शुरू हो गई। इस पर वहां आए नागरिकों की चिंता करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फौरन पंडाल के बाहर खड़े लोगों को भी जर्मन हैंगर तकनीक से बने पंडाल में बुला लिया। मुख्यमंत्री की इस आत्मीयता पर लोगों ने जोरदार ताली बजाकर और नारा लगाकर उनका अभिनंदन किया।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें