फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गोरखपुर में बोले सीएम योगी: 'रामगढ़ ताल में उतरेगा सी-प्लेन, गोरखपुर में जल्द दौड़ेगी मेट्रो'

Wed, 29 Dec 2021 08:35 PM IST
vivek shukla अमर उजाला ब्यूरो, गोरखपुर।

सार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दी 525 करोड़ रुपये की 262 विकास परियोजनाओं की सौगात, बोले- विकास का कोई विकल्प नहीं, पांच साल में सबने देखा गोरखपुर का विकास। सीएम योगी ने नवनिर्मित नगर निगम सदन के लोकार्पण के साथ महंत अवेद्यनाथ की प्रतिमा का अनावरण किया।
विज्ञापन
सीएम योगी नगर निगम परिसर में पांच मंजिला नवनिर्मित सदन भवन का फीता काटकर लोकार्पण करते हुए। - फोटो : अमर उजाला।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कुछ दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यहां खाद कारखाने और एम्स का लोकार्पण किया है। जल्द ही रामगढ़ताल में सी-प्लेन उतरेगा। साथ ही मेट्रो भी दौड़ेगी। हमारा संकल्प नई उमंग के साथ गोरखपुर को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाना है।

विज्ञापन


सीएम योगी बुधवार शाम नगर निगम के नए सदन भवन के लोकार्पण, सामाजिक समरसता के अग्रदूत ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की प्रतिमा का अनावरण समेत 525 करोड़ रुपये की लागत वाली 262 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण-शिलान्यास के अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। इन विकास परियोजनाओं में इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस), पेयजल पाइपलाइन का विस्तार व कई सड़कों का लोकार्पण तथा महानगर की दूसरी मल्टीलेवल पार्किंग, सीवरेज सिस्टम, सॉलिड वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट व रामगढताल (नया सवेरा) फेज-दो के सुंदरीकरण कार्य का शिलान्यास शामिल है।

सीएम ने कहा कि विकास का कोई विकल्प नहीं होता है। पांच साल में बदलते गोरखपुर को सभी लोगों ने देखा है। यह नया गोरखपुर है। कभी उपेक्षित रामगढ़ ताल की निखरी खूबसूरती के सभी लोग साक्षी हैं। अब इस ताल का उपयोग एयरपोर्ट के विकल्प के रूप में भी किया जाएगा यहां सी-प्लेन उतारा जाएगा। दिल्ली-लखनऊ आवागमन के लिए सुविधा तो मिलेगी यहां के लोग बनारस की यात्रा सी प्लेन से ही कर सकेंगे। मां गंगा की पावन धारा में डुबकी लगाकर, बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर सी प्लेन से ही वापस गोरखपुर लौट सकेंगे।
विज्ञापन


 

नगर निगम के लिए गौरव का क्षण

सीएम योगी ने कहा कि नगर निगम, महापौर, पार्षदों, अधिकारियों, कर्मचारियों के लिए यह गौरव का क्षण है कि निगम को 127 साल बाद नया सदन मिला है। यह गोरखपुर के लिए स्मरणीय पल है। यह पूरे यूपी का सबसे भव्यतम सदन भवन है। उम्मीद है कि यहां से गोरखपुर के ठोस विकास की कार्ययोजना को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा। सीएम ने कहा कि नगर निगम गोरखपुर के इतिहास एवं विकास पर आधारित विस्तृत ग्रंथ बनवाएं और इसे यहां की लाइब्रेरी का हिस्सा बनाएं।

वाटर स्पोर्ट्स का विश्व स्तरीय केंद्र बनेगा गोरखपुर

मुख्यमंत्री ने कहा कि नगर निगम परिसर में विकास की कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास हुआ है। बृहस्पतिवार को नौजवानों को स्मार्टफोन और टेबलेट का वितरण किया जाएगा। साथ ही वाटर स्पोर्ट्स कांप्लेक्स का शुभारंभ भी होगा। सीएम योगी ने कहा कि वाटर स्पोर्ट्स कांप्लेक्स के जरिए गोरखपुर जल क्रीड़ा के क्षेत्र में विश्व स्तरीय केंद्र बनेगा। सीएम ने चौड़ी सड़कों स्ट्रीट वेंडर्स के व्यवस्थापन प्रधानमंत्री आवास योजना आदि का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं की सफलता सामूहिक प्रयास का प्रतिफल है। इस अवसर पर पाइपलाइन से शुद्ध पेयजल योजना की सौगात देते हुए उन्होंने कहा कि इससे दाउदपुर, शिवपुर सहबाजगंज, गोपलापुर आदि इलाकों में एक लाख की आबादी को शुद्ध पेयजल उपलब्ध होगा।

ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ को दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि

मुख्यमंत्री ने सबसे पहले नगर निगम के नवीन सदन भवन के सामने स्थित अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की भव्य प्रतिमा का डमरू नाद के बीच अनावरण किया। इस दौरान उन्होंने ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की प्रतिमा के चरणों पर पुष्प चढ़ा कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।
विज्ञापन

फीता काटकर सदन भवन का लोकार्पण, आईटीएमएस कंट्रोल रूम का किया निरीक्षण

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नगर निगम परिसर में पांच मंजिला नवनिर्मित सदन भवन का फीता काटकर लोकार्पण किया। इसके बाद भवन का निरीक्षण भी किया। इसी भवन में स्थित इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) फेज-वन का शुभारंभ करने के साथ ही इसके कंट्रोल रूम का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि आईटीएमएस से यातायात प्रबंधन के साथ ही गोरखपुर की सुरक्षा में भी मदद मिलेगी।

‘मुस्कुराइए, आप गोरखपुर में हैं’ बुकलेट का विमोचन

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नगर निगम के मेयर सीताराम जायसवाल की पहल पर संकलित बुकलेट ‘मुस्कुराइए, आप गोरखपुर में हैं’ का विमोचन किया। इस बुकलेट में गोरखपुर महानगर की धरोहरों से लेकर अद्यतन विकास तक को संजोया गया है।

कई योजनाओं के लाभार्थियों को मंच पर मिला मुख्यमंत्री का सानिध्य

मंच पर सीएम योगी ने दो लोगों को मृतक आश्रित के तहत नियुक्ति पत्र, स्पर्श विद्यालय के दो दिव्यांग बच्चों को क्रिकेट किट, दो सफाईकर्मियों की मेधावी बेटियों को लैपटॉप, प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के दो लाभार्थियों को आवास की चाबी, दो स्ट्रीट वेंडरों को प्रमाणपत्र व दो सफाईकर्मियों को प्रशस्तिपत्र तथा उपहार प्रदान किया। समारोह में मुख्यमंत्री का स्वागत मेयर सीताराम जायसवाल ने किया।

इस मौके पर सांसद रवि किशन शुक्ल, जिला पंचायत अध्यक्ष साधना सिंह, विधायक डॉ. राधामोहन दास अग्रवाल, फतेह बहादुर सिंह, महेंद्रपाल सिंह, बिपिन सिंह, संत प्रसाद, संगीता यादव, शीतल पांडेय, डॉ. विमलेश पासवान, नगर निगम के उप सभापति ऋषि मोहन वर्मा, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ धर्मेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें