सोमवार शाम गोरखनाथ मंदिर पहुंचे मुख्यमंत्री ने गुरु गोरखनाथ का किया दर्शन-पूजन
आज चिलुआताल के पर्यटन विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे मुख्यमंत्री
गोरखपुर। गोरक्षनगरी को दो दिनों में दो बड़ी सौगात मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को रामगढ़ताल की तर्ज पर विकसित कराए गए चिलुआताल घाट और बुधवार को 42.50 करोड़ रुपये की लागत से बने फ्लैटेड फैक्टरी कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण करेंगे। सोमवार को अधिकारियों ने दोनों कार्यक्रमों की तैयारी को मौके पर जाकर परखा।
मुख्यमंत्री सोमवार की शाम गोरखनाथ मंदिर पहुंचे और उन्होंने गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन किया। इसके बाद अपने गुरु ब्रह्मलील महंत अवेद्यनाथ की समाधि पर पुष्प अर्पित की। मंगलवार शाम चार बजे वे चिलुआताल का लोर्कापण करेंगे।
शहर के उत्तरी छोर पर दशकों तक बदहाल रहे विशाल प्राकृतिक जलाशय, चिलुआताल को पर्यटन स्थल बनाया गया है। रामगढ़ताल की तरह चिलुआताल घाट भी पर्यटन के साथ रोजगार का केंद्र बनेगा। इसके लिए घाट पर सात कियॉस्क भी बनाए गए हैं।
पर्यटन विभाग के उप निदेशक राजेंद्र प्रसाद यादव ने बताया कि चिलुआताल के सौंदर्यीकरण और पर्यटन विकास के कार्यों पर 20 करोड़ 39 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। काम पूरा होने के बाद से ही लोग यहां आकर आनंदित हो रहे हैं। विकसित चिलुआताल घाट को औपचारिक रूप से मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों जनता को समर्पित कर दिया जाएगा।
ये कार्य कराए गए
570 मीटर पाथवे निर्माण, घाट की सीढ़ियों का निर्माण।
इंटरलॉकिंग एवं रेलिंग का कार्य।
घाट की सीढ़ियों पर पत्थर लगाने का कार्य।
स्टोन पिचिंग का कार्य।
कैरेट बोल्डर का कार्य।
07 कियोस्क का निर्माण।
टॉयलेट ब्लॉक का निर्माण।
गेट के सुपर स्ट्रक्चर का कार्य।
400 मीटर एप्रोच रोड का निर्माण।
विद्युतीकरण, पोल एवं सोलर लाइट के कार्य।
500 मीटर साइड वाॅल एवं नाली निर्माण।