कोरोना वायरस का संक्रमण एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति के संपर्क में आने से आसानी से फैलता है । फेस कवर (मास्क) पहनने से किसी संक्रमित व्यक्ति से हवा में मौजूद थूक की बूंदों के माध्यम से कोरोना वायरस के स्वसन तंत्र में प्रवेश करने की संभावना कम रहती है । इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार द्वारा घर से बाहर निकलने पर हर किसी को मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया गया है। इसका उल्लंघन करने पर जुर्माने का भी प्रावधान है।
घर पर बनाएं कपड़े का मास्क
कपड़े का मास्क आसानी से घर पर भी बनाया जा सकता है । इसके लिए मोटे फैब्रिक, काटन टी शर्ट या बनियान को परतों में काटकर मास्क बना सकते हैं । मोटा फैब्रिक होने से वह सुरक्षित रहेगा और उसे धोने में भी आसानी होगी । स्कार्फ या रुमाल को अगर मास्क की जगह इस्तेमाल कर रहे हैं तो उसके भी भी दो-तीन फोल्ड कर लें ताकि कपड़े की परतें बनी रहें ।
घरेलू मास्क को करें विसंक्रमित
मास्क को साबुन और गरम पानी में अच्छे से धोएं और इसे धूप में कम से कम पांच घंटे तक सूखने दें। यदि धूप उपलब्ध नहीं है तो मास्क को प्रेशर कुकर में पानी डालें और इसे कम से कम 10 मिनट तक उबालें और सूखने दें। पानी में नमक डालना बेहतर रहेगा।
प्रेशर कुकर न होने पर कपड़े के मास्क को 15 मिनट तक गर्म पानी में उबाल सकते हैं। परिवार के हर सदस्य के पास कम से कम दो मास्क होने चाहिए ताकि एक को पहन सकें और दूसरे को धोकर सुखा सकें। ध्यान रहे अपने मास्क को किसी से भी शेयर न करें । जिस प्लास्टिक बैग में मास्क रखें उसे भी साबुन-पानी से ठीक से धोकर सुखा लें उसके बाद मास्क रखकर सील कर दें।
इन बातों का रखें ख्याल
- मास्क को पहनने से पहले हाथों को अच्छी तरह से धोएं।
- सुनिश्चित करें कि मास्क चेहरे पर अच्छी तरह से फिट हो तथा किनारों से कोई गैप न हो।
- मास्क के सामने की सतह को न छुएं, उतारते समय इसे पट्टी की तरफ से पीछे से निकालें।
- हमेशा पट्टी को नीचे और उसके बाद ऊपर की तरफ से खोलें।
- उतारने के बाद मास्क को तुरंत साबुन के घोल या उबलते पानी में डालें।
- मास्क को हटाने के बाद हाथों को 40 सेकेंड तक साबुन व पानी से धोएं या तो अल्कोहल वाले सैनिटाइजर का इस्तेमाल करें।