गोरखपुर। तिवारीपुर थाना क्षेत्र में कपड़े सिलवाने के लिए दर्जी को बुलाने गई कक्षा छह की 14 वर्षीय छात्रा के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि टेलर ने बच्ची को घर के कमरे में बंद कर वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद डरी-सहमी हालत में घर पहुंची बच्ची ने परिजनों को आपबीती बताई। पिता की तहरीर पर पुलिस ने दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पीड़िता के पिता के मुताबिक, दिवाली से पहले पत्नी को कुछ कपड़े सिलवाने थे। इसके लिए रविवार शाम करीब छह बजे उन्होंने बेटी को पास की दूसरी कॉलोनी में रहने वाले दर्जी के घर भेजा था। काफी देर बाद बच्ची घर लौटी तो वह डरी हुई थी और कुछ बोल नहीं पा रही थी। उसके कपड़े भी अस्त-व्यस्त थे। परिजनों के बार-बार पूछने पर उसने घटना की जानकारी दी। बच्ची ने बताया कि टेलर ने कमरे का दरवाजा बंद कर उसका मुंह दबाया और उसके साथ गलत हरकत की।
बच्ची की बात सुनने के बाद पिता ने तिवारीपुर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की और सोमवार को आरोपी जमशेद आलम (47) को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी विकास कुमार सिंह के मुताबिक, आरोपी को सोमवार दोपहर बाद कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। जल्द विवेचना पूरी कर चार्जशीट दाखिल किया जाएगा। जिससे आरोपी को जल्द सजा मिल सके।