अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। नगर निगम ने जलकल विभाग और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम के साथ शहर में पानी की गुणवत्ता की जांच अभियान बृहस्पतिवार को भी जारी रखा। बृहस्पतिवार को टीम ने मदन मोहन मालवीय नगर वार्ड के दिव्यनगर, आवास विकास काॅलोनी राप्तीनगर और महादेवपुरम खोराबार सहित कई इलाकों में नलों और जल बिंदुओं से सैंपल लेकर मौके पर ही ओटी (आर्थो टोलिडीन) टेस्ट किया।
जांच टीम में सीनियर मलेरिया इंस्पेक्टर राहुल सिंह, आशीष सिंह, अंजनी सिंह के साथ जलकल विभाग के अवर अभियंता राकेश यादव और धीरज वर्मा शामिल रहे। परीक्षण में अधिकांश क्षेत्रों में क्लोरीन का स्तर मानक के अनुसार पाया गया। जहां कमी पाई गई, वहां तुरंत सुधार के निर्देश दिए गए। अवर अभियंता राकेश कुमार ने बताया कि यह अभियान लगातार सभी वार्डों में जारी रहेगा। नागरिकों से अपील है कि पानी की गुणवत्ता या पाइपलाइन लीकेज की शिकायत होने पर तुरंत नगर निगम को सूचित करें, ताकि समय रहते समस्या का समाधान किया जा सके।