सीआईएससीई : अंग्रेजी ने बनाया मेधावियों को सिरमौर
गोरखपुर। सीआईएससीई के दसवीं और बारहवीं की परीक्षा में अंग्रेजी ने विद्यार्थियों को सिरमौर बनाया है। नियम के मुताबिक दसवीं में अंग्रेजी के साथ बेस्ट फाइव विषयों के नंबर को जोड़ा जाता है। बारहवीं में अंग्रेजी के साथ बेस्ट फोर विषय को जोड़ा जाता है। जबकि पांच विषय का चयन किया जाता है। यानी अंग्रेजी में ही नंबर कम हो जाए तो आपका परिणाम पूरी तरह से प्रभावित हो जाएगा। जैसा कि इस बार कुछ मेधावियों के साथ हुआ है।
इस बार के पेपर में अंग्रेजी के साथ साइंस और मैथ स्कोरिंग सब्जेक्ट रहा है। इंटर के संयुक्त रूप से जिला टॉपर प्रियांशु श्रीवास्तव को गणित में 100 तो अंग्रेजी में 96, फिजिक्स में 99, केमिस्ट्री में 98 तो सौम्य श्रीवास्तव को भी गणित में 100, फिजिक्स और केमिस्ट्री में 98 और अंग्रेजी में 97 नंबर मिले हैं। वहीं दसवीं के टॉपर्स शाश्वत प्रकाश को अंग्रेजी में 96 तो गणित में 99, साइंस में 96, हिंदी में 99,, एचसीजी और कंप्यूटर में 100-100 नंबर मिले हैं। इनके अलावा पलक श्रीवास्तव को अंग्रेजी में 97 तो गणित में 93, हिंदी में 100 नंबर मिले हैं।