गोरखपुर जिले में शिक्षा से वंचित बच्चों को चिह्नित कर परिषदीय विद्यालयों में उम्र के हिसाब से उन्हें दाखिला दिलाया जाएगा। साथ ही चिह्नित बच्चों को किस स्कूल में कौन सी कक्षा में दाखिला कराया गया है, इसका रिकॉर्ड शारदा पोर्टल पर अपलोड करना होगा। बेसिक शिक्षा विभाग ने प्रवेश की प्रक्रिया में बदलाव की जानकारी सभी बेसिक शिक्षा अधिकारियों को भेज दी है।
बच्चों की उम्र कितनी भी हो, लेकिन उसे कक्षा एक से ही पढ़ाई शुरू करनी होती थी, लेकिन अब उम्र के हिसाब से कक्षाओं में दाखिला दिलाया जाएगा। यदि बच्चा दस साल का है और उसका कभी स्कूल में दाखिला नहीं हुआ। ऐसी स्थिति में भी उसे उम्र के हिसाब से कक्षा पांच में प्रवेश दिया जाएगा।
इसी तरह से अन्य कक्षाओं में भी दाखिला दिलाया जाएगा। इससे बच्चा कक्षा में पिछड़ेगा नहीं और सही समय पर पढ़ाई पूरी करने में सक्षम भी होगा। सरकारी नौकरी के लिए तय उम्र सीमा तक शैक्षिक योग्यता होने पर प्रतियोगी परीक्षाओं में बैठने का मौका भी मिल सकेगा।