गोरखपुर जिले के चिलुआताल इलाके के एक गांव से दो अगस्त की रात लापता 11 साल के बच्चे की कुकर्म के बाद पिटकर हत्या की गई थी। सिर और सीने की हड्डी बेरहमी से तोड़ दी गई थी।
पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी चंदन साहनी पर अगवा कर कुकर्म करने व हत्या की धारा में केस दर्ज कर मंगलवार को उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को कोर्ट में पेश कर पुलिस ने जेल भिजवा दिया। पूछताछ में उसने बताया कि विरोध करने पर मारे पीटे थे और पहचान छिपाने के लिए हत्या कर दिए।
जानकारी के मुताबिक, बालक दो अगस्त की शाम एक व्यक्ति के यहां ब्रह्मभोज में शामिल होने गया था। देर रात तक घर न लौटने पर परिवार वालों ने उसकी खोजबीन शुरू की, लेकिन कहीं पता नहीं चला।
दो अगस्त की रात को ही बच्चे की मां ने चिलुआताल थाने की मजनू पुलिस चौकी पर सूचना दी। गुमशुदगी दर्ज कर पुलिस छानबीन कर रही थी। रविवार रात आठ बजे गांव के बाहर स्थित कुआं से दुर्गंध आने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने कुआं से शव बरामद किया था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्चे से कुकर्म और सिर में चोट से मौत की पुष्टि हो गई। एसपी नार्थ मनोज अवस्थी ने बताया कि पोस्टमार्टम में कुकर्म और हत्या की पुष्टि हुई है। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।