घटनास्थल पर रोती- बिलखती मां व ग्रामीणों की जुटी भीड़।
- फोटो : अमर उजाला।
उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले के कोतवाली ठूठीबारी क्षेत्र के चटिया गांव के टोला लालपुर में शुक्रवार को एक मासूम गैस लदी पिकअप के चपेट में आ गया। जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। वहीं हादसें के बाद पिकअप चालक पिकअप छोड़ कर मौके से फरार हो गया। जबकि ग्रामीणों ने उसके एक अन्य साथी को मौके पर पकड़ लिया।
घटना कि सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस चौकी लक्ष्मीपुर को दी। मौके पर पहुंची पुलिस चालक के साथी सहित पिकअप को कोतवाली ठूठीबारी ले गई। जबकि मृत बच्चे का शव कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं मासूम की मौके पर दर्दनाक मौत देख परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के मुताबिक, चटिया गांव के टोला लालपुर का निवासी नारद गुप्त मजदूरी कर अपने परिवार का भरण पोषण करता है। नारद ने बताया कि शुक्रवार की सुबह गांव में गैस की डिलीवरी करने के लिए एक पिकअप आया हुआ था।
नारद ने बताया कि गैस लदी पिकअप गांव के कुछ उपभोक्ताओं में गैस की डिलीवरी कर घर के बाहर से तेज रफ्तार में गुजर रहा था। इसी बीच मेरा बेटा अभिषेक गुप्त (2) पिकअप के चपेट में आ गया। जिससे अभिषेक की मौके पर ही मौत हो गई। अभिषेक के मौत के बाद उसके परिजनों का रो रोकर बुरा हाल हो गया है।
इस संबंध में लक्ष्मीपुर पुलिस चौकी इंचार्ज नीरज राय ने बताया कि मृत मासूम का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जबकि पकड़े गए पिकअप चालक के साथी व गैस लदी पिकअप को कोतवाली लाया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।