गोरखपुर। युवाओं को तकनीकी रूप से दक्ष बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आगामी 20 नवंबर को गोरखपुर मंडल के 50 हजार विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित करेंगे। ‘स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना’ के तहत रामगढ़ताल क्षेत्र स्थित चंपा देवी पार्क में आयोजित होने वाले समारोह को लेकर प्रशासन की तैयारियां अंतिम दौर में हैं।
युवाओं के शैक्षिक और व्यावसायिक भविष्य को नई उड़ान देने के लिए आयोजित होने वाले टैबलेट वितरण समारोह में गोरखपुर मंडल के चार जनपदों गोरखपुर, महाराजगंज, देवरिया व कुशीनगर के विद्यार्थी सम्मिलित होंगे। अकेले गोरखपुर जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के 35,000 छात्र-छात्राओं को टैबलेट प्रदान किए जाएंगे।
इसके अतिरिक्त, मंडल के अन्य तीन जनपदों देवरिया, कुशीनगर और महराजगंज के 5000-5000 विद्यार्थियों को भी टैबलेट का वितरण किया जाएगा। इस प्रकार एक ही दिन में कुल 50000 युवाओं के हाथों में आधुनिक तकनीक की सौगात पहुंचेगी।
डीएम दीपक मीणा ने बताया कि योजना के प्रारंभिक वर्ष 2021-22 से लेकर अब तक गोरखपुर के 141085 विद्यार्थियों को टैबलेट एवं स्मार्टफोन वितरित किए जा चुके हैं। जनपद में उपलब्ध शत-प्रतिशत स्मार्टफोन का वितरण कार्य पहले ही पूर्ण कराया जा चुका है।
उच्च शिक्षा से लेकर कौशल विकास तक के छात्र शामिल : डिजिटल इंडिया के विजन को जमीनी स्तर पर साकार करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना की शुरुआत की गई थी। इसके अंतर्गत उच्च एवं उच्चतर शिक्षण संस्थाओं में अध्ययनरत स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा, कौशल विकास (स्किल डेवलपमेंट), पैरामेडिकल तथा नर्सिंग आदि विभिन्न शिक्षण व प्रशिक्षण कार्यक्रमों के छात्र-छात्राओं को लाभान्वित किया जा रहा है।