फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gorakhpur News: विपक्ष के नकारात्मक नैरेटिव का मुंहतोड़ जवाब दें युवा कार्यकर्ता

विज्ञापन
विज्ञापन
भाजपा की तरफ से आयोजित ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम में बोले मुख्यमंत्री योगी
विज्ञापन

सोशल मीडिया पर हताश विपक्ष के हर वार का प्रतिवार करने को मुस्तैद रहें कार्यकर्ता : सीएम योगी


गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा के युवा कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि लगातार सत्ता से दूर रहकर हताश और निराश हो चुके विपक्ष से सावधान रहें। उनकी तरफ से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर झूठे, मनगढ़ंत आरोप लगाकर तमाम प्रकार के निगेटिव नैरेटिव सेट करने का प्रयास होगा। जिन लोगों ने यूपी के नौजवानों के सामने पहचान का संकट खड़ा किया था, वे हर दृष्टि से फेल होकर आज सोशल मीडिया का सहारा लेंगे। शब्दों की मर्यादा में रहकर मुंहतोड़ जवाब देने के लिए खुद को मुस्तैद रखें। सोशल मीडिया पर हताश विपक्ष के हर वार का प्रतिवार करने को कार्यकर्ता मुस्तैद रहें।

सीएम योगी, रविवार को भारतीय जनता पार्टी महानगर इकाई के मालवीय नगर मंडल की तरफ से आयोजित ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। सिंघड़िया स्थित एक मैरेज हाल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें अपनी पॉजिटिव चीजों को आगे बढ़ाना है। अच्छे कंटेंट बनाकर हम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का उपयोग कर सकते हैं।
विज्ञापन

सीएम ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया की बात नहीं होती। अब वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट, वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज की बात होती है। ये आज उत्तर प्रदेश की पहचान और भारत की ब्रांड बना रही है। उन्होंने कहा कि जब डबल इंजन की सरकार डबल स्पीड से चलती है, जब एक जैसी सरकार होती हैं तो ऐसा ही विकास होता है।

2017 के पहले हर तीसरे दिन होते थे दंगे, बेटियां भय से नहीं जाती थीं स्कूल
मुख्यमंत्री ने कहा कि जो युवा इस बार प्रथम बार मतदाता होंगे वे सभी इस बात को नहीं जानते होंगे की वर्ष 2017 के पहले उत्तर प्रदेश में क्या कुछ होता था। कहा कि व्यापारी, उद्यमी, चिकित्सक, शिक्षक, गरीब, साहूकार सबको गुंडा टैक्स देना पड़ता था। हर जनपद में अपहरण होते थे, फिरौती वसूली जाती थी। हर चौराहे पर टैक्सी स्टैंड के नाम पर वसूली होती थी। कुशीनगर और महाराजगंज का एक हिस्सा था, जहां जंगल पार्टी थी जो किसी का अपहरण कर लेती थी। बिजली बमुश्किल से तीन-चार घंटे आती थी। महिलाएं असुरक्षित थीं, भय से बेटियां स्कूल नहीं जा पाती थीं। पर्व आने पर लोगों के मन में दंगों की आशंका होती थी कि पता नहीं कहां दंगा हो जाए और टारगेट करके हिंदुओं को जेल में बंद कर दिया जाए। आज डबल इंजन सरकार में ऐसा कुछ भी नहीं हो सकता है।
-
देश में संवेदनशील सरकार से ईरान-अमेरिका युद्ध का असर नहीं
मुख्यमंत्री ने ईरान के साथ अमेरिका और इजरायल के युद्ध का भी उल्लेख किया। कहा कि इससे दुनिया बुरी तरह प्रभावित है। सुपर पावर कहे जाने वाले अमेरिका में भी डीजल और पेट्रोलियम पदार्थों के दाम चार गुना बढ़ गए हैं। भारत के अगल-बगल जितने भी देश हैं उन सब में भी बहुत खराब स्थिति है। अकेले भारत है पेट्रोलियम पदार्थों का दाम नियंत्रण है। भारत के अंदर युद्ध का कोई प्रभाव नहीं है। ऐसा इसलिए है कि यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संवेदनशील सरकार है जिन्होंने स्थिति को नियंत्रण में कर रखा है। पेट्रोलियम पदार्थों को लेकर देश में कहीं कोई समस्या नहीं है।


करीब तीन गुना बढ़ी यूपी की अर्थव्यवस्था
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उनकी सरकार बनने के बाद उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था करीब तीन गुनी बढ़ी है। जब सरकार आई थी तब प्रदेश की अर्थव्यवस्था 13 लाख करोड़ रुपये की थी। नौ वर्षों में यह 36 लाख करोड़ रुपये हो गई है। राज्य में प्रति व्यक्ति आय भी 43 हजार से बढ़कर एक लाख 20 हजार रुपये हो गई है। उनकी सरकार ने नौ लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी है। कहा कि सपा की सरकार में इतनी सरकारी नौकरी नहीं मिल पाती क्योंकि उनकी नीयत साफ नहीं थी। पैसे के बगैर कोई काम नहीं होता था। आज नौकरियां बिना सिफारिश और बिना रुपये दिए मिलती हैं। अब योग्यता ही चयन का मानक है। हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने आज सुपर स्पेशलिटी सेवाओं वाले बीआरडी मेडिकल कॉलेज का उल्लेख करते हुए कहा कि 2017 के पहले यदि इस मेडिकल कॉलेज में पहिए होते तो समाजवादी पार्टी की सरकार इसे कहीं और खींच ले गई होती।



फिल्म सिटी से यूपी के नौजवानों को मिलेगा भरपूर अवसर
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में बनने वाली फिल्म सिटी के आगामी दिनों में शिलान्यास होने की जानकारी देते हुए कहा कि इससे यूपी के नौजवानों और कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शन करने और आगे बढ़ने का भरपूर अवसर मिलेगा। उन्होंने युवाओं को दो करोड़ टैबलेट-स्मार्टफोन वितरण के लक्ष्य की चर्चा करते हुए बताया कि 50 लाख युवाओं को इसका लाभ मिल चुका है।
विज्ञापन



प्रदेश के सभी नागरिकों के गौरव हैं सीएम योगी : रविकिशन
सांसद रविकिशन शुक्ल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रदेश के सभी नागरिकों के लिए गौरव हैं। उन्होंने न केवल गोरखपुर सहित राज्य के हर जिले का अभूतपूर्व विकास किया है बल्कि बिना जाति-बिरादरी देखे समाज के हर वर्ग तक अनेकानेक योजनाओं का लाभ पहुंचाया है। सांसद ने कहा कि अब कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि वे हर बूथ, हर परिवार तक जाकर आगामी चुनाव में भाजपा को सबका वोट दिलाना सुनिश्चित करें। कार्यक्रम को भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने भी संबोधित किया। संचालन भाजपा के महानगर संयोजक राजेश गुप्ता ने किया। इस अवसर पर मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, विधायक विपिन सिंह, भाजपा मालवीय नगर मंडल के अध्यक्ष प्रदीप सिंह, पार्षद रणंजय सिंह सहित कई पार्षद, मालवीय नगर मंडल के सभी बूथों के अध्यक्ष, शक्ति केंद्रों के संयोजक व अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें