गोरखनाथ मंदिर के ब्रह्मलीन महंत दिग्विजय नाथ के समय से पारिवारिक संबंध रखने वाला चौधरी परिवार मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ के इस्तेकबाल की तैयारियों में लगा हुआ है। योगी आदित्यनाथ रविवार को परिवार के मुखिया चौधरी कैफुलवरा से मिल कर उन्हें नागरिकता संशोधन कानून के बारे में जानकारी देंगे। इस कानून के संबंध में मुस्लिम समाज में फैली भ्रांतियाें की सच्चाई से भी अवगत कराएंगे। चौधरी परिवार भी सीएम से गोरखपुर में सीएए विरोध में हुए उपद्रव के आरोपियों को क्षमादान देने की गुजारिश करेगा।
चौधरी हाउस के मुखिया कैफुलवरा ने बताया कि ब्रह्मलीन गुरु दिग्विजय नाथ और उनके दादा चौधरी सआदत हुसैन के प्रगाढ़ संबंध थे। गुरु दिग्विजयनाथ जी की परंपरा को महंत अवेद्यनाथ और अब योगी आदित्यनाथ भी उसी शिद्दत से निभा रहे हैं। कैफुलवरा कहते हैं कि योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री बाद में हैं पहले उनके परिवार के सदस्य हैं, उनका हमेशा ही स्वागत और इस्तेकबाल है।
योगी जी नागरिकता संशोधन कानून के बारे में जो जानकारी देंगे उसे वह और उनके परिवार के सदस्य मुस्लिम समाज फैला कर लोगों को जागरूक करेंगे। बोले कि योगी आदित्यनाथ का दिल बहुत बड़ा है, सीएए के विरोध में शहर में हुए उपद्रव के आरोपियों को बड़े दिल से क्षमा दान देने की गुजारिश करेेंगे।
बुनकरों से बिजली के फिक्स चार्ज लिए जाने की योजना लागू रखे जाने और हुमायूंपुर कब्रिस्तान की समस्या के समाधान की भी मांग करेंगे। भाई चौधरी नजमुद्दीन ने बताया कि रविवार को योगी आदित्यनाथ का इस्तेकबाल कश्मीर के ड्राईफ्रूट से किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस्तेकबाल के लिए परिवार के चौधरी हाफिज अयाज, मो. जैद, मो. उमैर, चौधरी अनस, चौधरी मुईनुद्दीन उत्साहपूर्वक तैयारियों में जुटे हैं।
नगर निगम ने चौधरी हाउस में उतारी फौज
चौधरी कैफुलवरा के चौधरी हाउस में शनिवार को नगर निगम सफाई कर्मियों की फौज उतर पड़ी। चौधरी हाउस स्थित मैदान की सफाई मेें पचास से अधिक सफाईकर्मी देर शाम तक जुटे रहे। एक जेसीबी सुबह से लगातार मैदान को समतल करने में जुटी रही है। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यहां जनसभा को भी संबोधित करेंगे। सुरक्षा की दृष्टि से चौधरी परिवार के सदस्यों के लिए विशेष आईकार्ड बनाए जा रहे हैं।