गोरखपुर जिले के बेरोजगारों को विदेश भेजने और नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वालों का पर गैंगस्टर के तहत कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए गठित ईगल डेस्क कार्रवाई करेगी। इसे लेकर रविवार को पुलिस लाइंस में एसपी सिटी कृष्ण कुमार विश्नोई ने ईगल डेस्क और ठगी के शिकार पीड़ितों के साथ बैठक की।
एसपी सिटी कृष्ण कुमार ने कहा कि जिले में कुछ ऐसे गिरोह सक्रिय हैं जो युवाओं को विदेश भेजने, नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करते हैं। बैठक में ईगल डेस्क को मिली शिकायतों में दर्ज मुकदमों की समीक्षा की गई। इस दौरान कुल 14 मुकदमों के विवेचक और वादी मौजूद रहे। लंबित विवेचनाओं की समीक्षा की गई। एसपी सिटी ने निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए निर्देश दिया है।
उन्होंने निर्देश दिया कि विदेश भेजकर ठगी करने वाले अभ्यस्थ अपराधियों को चिह्नित कर कार्रवाई की जाए। जिन मुकदमों में आरोप पत्र दाखिल हो चुके है, उनमें आरोपियों के खिलाफ गैंग पंजीकृत कराकर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जाए। उनकी संपत्तियों को जब्त किया जाए।
ईगल डेस्क से संबंधित किसी भी मुकदमे में सुलह-समझौता न कराया जाए। एसपी सिटी ने बैठक में न आने वाले विवेचकों से स्पष्टीकरण मांगा है।