गोरखपुर जिले के राजघाट इलाके में दो छात्राओं के ऑटो का पीछा कर अश्लील हरकत करने और हाथ पकड़कर खींचने का मामला सामने आया है। डर की वजह से छात्राएं चलती ऑटो से उतर गईं और ट्रांसपोर्ट नगर पुलिस चौकी पहुंचीं। हालांकि, तब तक शोहदे वहां से भाग गए। छात्राओं की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज आरोपियों की पहचान कर ली है। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
जानकारी के मुताबिक, बेलीपार इलाके की रहने वाली छात्रा ने पुलिस को दी तहरीर में लिखा है कि 14 फरवरी को वह अपनी बहन के साथ ऑटो से रानीडीहा जा रही थी। रास्ते में दो युवक बाइक से उनके पीछे लग गए और अश्लील टिप्पणी करने लगे।
ऑटो जब ट्रांसपोर्टनगर पुलिस चौकी के पास पहुंची तो छात्राएं डर की वजह से उतर गईं। यह देख पहले शोहदे भी वहां रुके और उनमें से एक छात्रा का हाथ पकड़कर अश्लील हरकत करने लगे। छात्राएं उसका हाथ छुड़ाकर भाग गईं और पुलिस चौकी पहुंची।
छात्राओं को पुलिस के पास जाते देख शोहदे वहां से भाग गए। छात्राओं ने पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने दो अज्ञात के खिलाफ छेड़खानी का केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
राजघाट थानाध्यक्ष राजेंद्र सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज से दोनों आरोपियों की पहचान कर ली गई है। जल्द ही उनको गिरफ्तार कर लिया जाएगा।