गोरखपुर। शहर में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा बड़े ही आस्था व उल्लास के साथ निकाली गई। भगवान को रथ में बैठाकर आरती की गई, इसके बाद रथ को खींचने का सिलसिला शुरु हुआ। श्रद्धालुओं ने बड़े ही आस्था भाव के साथ रथ को खींच कर अपने व परिवार के उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने रथ यात्रा का स्वागत किया। रास्ते में झाड़ू लगाया व फूल बरसाए। रथ यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या ज्यादा रही, पूरे यात्रा मार्ग पर जय जगन्नाथ के जयकारे गूंज रहे थे।
विष्णु मंदिर से रथ यात्रा का मेयर व एमएलसी ने किया शुभारंभ
विष्णु मंदिर, असुरन से मानस उत्थान समिति की ओर से भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा की भव्य रथयात्रा श्रद्धा और उल्लास के साथ निकाली गई। वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान से पूजन-अर्चन के बाद भगवान की प्रतिमाओं को सुसज्जित रथ पर विराजमान कराया गया। यजमानों ने पारंपरिक वेशभूषा में पूजा संपन्न कराई।मानस उत्थान समिति के अध्यक्ष राधेश्याम श्रीवास्तव के नेतृत्व में विधान परिषद सदस्य एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह, मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, व्यापारी कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष पुष्पदंत जैन, महामंडलेश्वर कनकेश्वरीनंद गिरि, भाजपा महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता सहित अन्य अतिथियों ने भगवान की आरती कर रथयात्रा का शुभारंभ किया। श्रद्धालुओं ने रथ खींचकर अपनी आस्था प्रकट की। यात्रा में धर्मध्वज लिए श्रद्धालु, बैंड-बाजा, डीजे और नृत्य आकर्षण का केंद्र रहे। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा की गई तथा श्रद्धालुओं के लिए शीतल जल, जलपान और प्रसाद की व्यवस्था की गई। रथयात्रा विष्णु मंदिर से एचएन सिंह चौक, धर्मपुर, गीता वाटिका और असुरन चौराहा होते हुए दोबारा मंदिर पहुंची।
रस्सी खींचने की होड़ में कुछ को लगी हल्की चोटें
विष्णु मंदिर से रथ यात्रा निकलते ही श्रद्धालु रस्सी खींचने को उतावले हो गए। इसके बाद जैसे ही रथ आग बढ़ा रस्सी खींचने की होड़ मच गई। छह से सात श्रद्धालुओं को वाहनों से नीचे गिरने से हल्की चोटें भी लगी। मंदिर के पुजारी विकास पांडेय ने बताया कि कुछ श्रद्धालु शुरु में रथ खींचने की होड़ में गिर गए थे। रथ इसके बाद आस्था के साथ आगे बढ़ाया गया।
बेनीगंज स्थित प्राचीन शीश महल जगन्नाथ मंदिर से निकली भव्य रथयात्रा
बेनीगंज स्थित प्राचीन शीश महल जगन्नाथ मंदिर से भगवान जगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा की 178वीं पारंपरिक रथयात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। सुसज्जित रथ पर विराजमान भगवान के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े और पूरे मार्ग में जय जगन्नाथ के जयघोष गूंजते रहे। रथयात्रा शीश महल मंदिर से शुरू होकर शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए दोबारा मंदिर पहुंची। यात्रा के दौरान अनेक स्थानों पर श्रद्धालुओं ने भगवान की आरती उतारी। पुष्पवर्षा की और प्रसाद वितरित किया। पूरे मार्ग में भक्तों की भारी भीड़ रही और श्रद्धालुओं ने भक्ति-भाव से प्रभु का स्वागत किया। इस दौरान अनिल कुमार, अशोक कुमार, अवधेश कुमार, प्रमोद कुमार, आदित्य कुमार, सागर कुमार, सर्वेश कुमार, अभिषेक शर्मा, अनुराग गुप्ता सहित अन्य कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।