कोविड वैक्सीनेशन के बीच गोरखपुर में 20 मॉडल बूथ बनाए जाएंगे। इन बूथों पर सीधे केंद्र सरकार की नजर रहेगी। हर बूथ पर वेब कैमरे लगाए जाएंगे। इन केंद्रों पर केंद्र सरकार के प्रतिनिधि किसी भी हेल्थ वर्कर से वैक्सीनेशन के बारे में जानकारी ले सकेंगे। एक-दो दिनों में ये बूथ बनकर तैयार हो जाएंगे। इनमें जिला अस्पताल और बीआरडी मेडिकल कॉलेज प्राथमिकता में रहेंगे।
जानकारी के मुताबिक, कोविड वैक्सीनेशन के लिए जिले के 51 अस्पतालों का चयन किया गया है। इनमें तीन निजी अस्पताल शामिल हैं। इन अस्पतालों में 84 बूथ बनाए गए हैं। इन्हीं बूथों में से 20 को मॉडल बूथ बनाने के निर्देश केंद्र सरकार ने दिए हैं।
सीएमओ डॉ. सुधाकर पांडेय ने बताया कि यह मॉडल बूथ जिले के लिए नजीर बनेंगे। इन पर सभी व्यवस्थाएं रहेंगी। दवा से लेकर उसके रख-रखाव के इंतजाम बेहतर होंगे। वैक्सीनेशन के दौरान डॉक्टरों की टीम नजर रखेगी। केंद्र सरकार इन बूथों पर सीधे नजर रखेगी। इसके लिए वेब कैमरे लगाए जाएंगे, ताकि वैक्सीनेशन के दौरान केंद्र सरकार के प्रतिनिधि हेल्थ वर्कर या डॉक्टर से संवाद कर सकें।